द फॉलोअप डेस्कः
हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से भारी बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण तापमान में भारी गिरावट आई है और पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। खासकर शिमला और मनाली में स्थिति कुछ इस तरह की है जैसे लोग सफेद क्रिसमस का लुत्फ उठा रहे हों। तापमान शून्य से नीचे गिर चुका है। परेशानी की बात यह है कि बर्फबारी की वजह से हिमाचल प्रदेश की 200 से अधिक सड़कें बंद हो चुकी हैं और कई पर्यटक अलग-अलग इलाकों में फंस गए हैं।

बर्फबारी का दृश्य देखने के लिए आए पर्यटक इस खूबसूरत नजारे का आनंद तो ले रहे हैं, लेकिन वाहन फिसलने के कारण चार लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग ने पहले ही इन इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी दी थी और गाड़ियों को चलाने से बचने की सलाह दी थी।

बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में शीतलहरी का दौर शुरू होगा, जिसके बारे में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 25 और 26 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश में शीतलहरी चलेगी, जिसका प्रभाव पूरे उत्तर भारत पर पड़ेगा और इससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसमी बीमारियों के बढ़ने की आशंका है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है, ताकि बच्चों और बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।