द फॉलोअप डेस्कः
पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये के बहुचर्चित लोन धोखाधड़ी मामले में आरोपी और भारत से फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। 65 वर्षीय चोकसी को 11 अप्रैल, 2025 (शुक्रवार को) बेल्जियम पुलिस ने CBI की अपील पर हिरासत में लिया। चोकसी इस समय जेल में बंद है और उसकी जमानत अर्जी पर सुनवाई की तैयारी की जा रही है। चोकसी पिछले कुछ समय से बेल्जियम के एंटवर्प शहर में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रीति के पास बेल्जियम की नागरिकता है, जबकि चोकसी के पास भी वहां का ‘F रेजिडेंसी कार्ड’ है। बताया जा रहा है कि वह इलाज के बहाने एंटीगुआ से बेल्जियम आया था। चोकसी पहले से ही भारत में वांछित था और उसके खिलाफ मुंबई की एक कोर्ट द्वारा जारी दो अरेस्ट वारंट भी हैं। इस घोटाले में मेहुल चोकसी के साथ उसका भतीजा नीरव मोदी भी मुख्य आरोपी है, जो लंदन में छिपा हुआ है। नीरव के खिलाफ भी प्रत्यर्पण प्रक्रिया चल रही है और भारत सरकार उसे वापस लाने की कोशिशों में जुटी है। मेहुल चोकसी ने अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ मिलकर PNB से 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। जनवरी 2018 में दोनों घोटाले के खुलासे से पहले ही भारत से फरार हो गए थे।