logo

कोरोना रिटर्न : 24 घंटे में 6 मौतें और 475 नये मामले, कोरोना से सबसे अधिक संक्रमित इस शहर में

COVID2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 6 लोगों की मौत हुई है। वहीं, अलग-अलग राज्यों में नये वेरिएंट JN.1 के 475 मरीज मिले हैं। इनमें से 19 अकेले मुंबई में मिले हैं। मरने वालों में 3 संक्रमित कर्नाटक के, छत्तीसगढ़ के 2 और असम का 1 मरीज शामिल है। चिकित्सकों ने कहा है कि सर्दियों के मौसम में लगातार बदलाव के कारण कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। हालांकि दिसंबर के अंत तक मरीजों की संख्या में बड़ी वृद्धि नहीं दर्ज की गयी है। ये तसल्ली की बात है। मंत्रालय ने कहा है कि दिसंबर में 91 फीसद मरीजों को होम आइसलोलेशन में रखा गया और इसका सकरात्मक परिणाम मिला है। फिलहाल कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 3919 है। 

दिसंबर में इस तरह रहे हालात 

स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक 5 और 31 दिसंबर के बीच कोरोना के लगभग 900 मामले दर्ज किये गये। इनमें से अधिकतर मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में रखकर किया गया। इससे 92 फीसद मरीज ठीक हो गये। वहीं, चिकित्सकों ने कहा है कि कोरोना का नया वेरिएंट JN.1 उस गति से नहीं फैल रहा है, जिसका शुरुआती दिनों में अनुमान लगाया गया था। अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या और मौतों के कम आंकड़े से यही संकेत मिल रहे हैं। लोगों से सावधानी बरतने के लिए कहा गया है लेकिन स्थिति को चिंताजनक नहीं बताया गया है। 

3 साल में 5 लाख लोग जान गंवा चुके हैं

गौरतलब है कि भारत में अब तक कोरोना के तीन वेरिएंट आ चुके हैं। 2021 के अप्रैल-जून में डेल्टा लहर ने तबाही मचाई थी। इस दौरान मरने वालों की संख्या चरम पर थी। इस वेरिएंट से 7 मई 2021 तक लगभग चार हजार लोग जान गंवा चुके थे। वहीं, एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 4,14,188 दर्ज की गयी थी। मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि 2020 से लेकर अब तक महामारी से देश भर में 4.5 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। साथ ही 5.3 लाख से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं।