logo

यात्रियों से भरी बस नाले में गिरी, 8 लोगों की दर्दनाक मौत; 20 घायल

aquki.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पंजाब के बठिंडा जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां शुक्रवार को यात्रियों से भरी एक बस सड़क हादसे का शिकार हो गयी। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान सरदुलगढ़- बठिंडा रास्ते पर एक बस सड़क से फिसलकर गंदे नाले में जा गिरी। इस हादसे में बस सवार 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस एक्सीडेंट में 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने यात्रियों को बचाना शुरू किया। इसके बाद मामले की जानकारी मिलने पर NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। 
घटना के संबंध में बठिंडा शहर के विधायक जगरूप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिल ने जानकारी दी घायलों का इलाज शहीद भाई मणि सिंह अस्पताल में चल रहा है। वहीं, चिकित्सा अधिकारी को घायलों का पूरी तरह से ध्यान देने के लिए कहा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया
बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इलाके में बहुत तेज बारिश हो रही थी। इस कारण नाले में गिरने से पहले बस पुल पर लगी रेलिंग से टकराई और सीधा नाले में जा गिरी। इसके बाद स्थानीय लोग वहां पर भागकर पहुंचे और सबसे पहले यात्रियों को बचाने की कोशिश करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि हमने कुछ लोगों को बचाया लेकिन बारिश की वजह से इस काम में बहुत जोखिम था। हालांकि, कुछ देर में वहां NDRF की टीम आ गई। ऐसे में उन्होंने स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया।अधिकारी कर रहे मामले की जांच
वहीं, हादसे के बाद आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। बता दें कि मामले के बारे में डिप्टी कमिश्नर शौकत अहमद पर्रे ने बताया कि दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने डूब रहे लोगों की मदद की। इस दौरान वे कई लोगों की मदद करने में कामयाब रहे। अगर ग्रामीणों ने लोगों की मदद न की होती, तो मृतकों की संख्या ज्यादा भी हो सकती थी। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है कि बस में कितने लोग सवार थे। बहरहाल, हमने क्रेनों की मदद से बस को बाहर निकाल लिया है। अब इसकी जांच की जा रही है कि बस आखिर नाले में कैसे गिरी और इसके क्या कारण रहे। 

Tags - Bathinda Road Accident Bus fell into drain 8 Died 20 injured Punjab News