द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में नशा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आये दिन विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर अफीम की खेती को नष्ट किया जा रहा है। ताजा मामला चाईबासा के टेबो थानाक्षेत्र का है। यहां छापेमारी कर बड़ी मात्रा में डोडा बरामद किया गया है। पुलिस ने टेबो थानाक्षेत्र के परैया गांव स्थित नदी किनारे 2100 किलो डोडा जब्त किया है। पुलिस के बयान के अनुसार नशे के बाजार में इसकी कीमत करोड़ों में है।

3 करोड़ से अधिक का डोडा जब्त
बता दें कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टेबो थानाक्षेत्र अंतर्गत अफीम की तस्करी की जा रही है। गुप्त सूचना की आधार पुलिस ने छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस को परैया गांव में नदी के पास 2100 किलो डोडा मिला। हालांकि, छापेमारी के दौरान किसी तस्कर के पकड़े जाने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस तस्करों को भी तलाश रही है। इसके लिए इलाके के विभिन्न जगहों पर नॉन स्टॉप छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर डोडा कहां से लाया गया। पुलिस ने बताया कि पकडे गए 2100 डोडा की कीमत 3 करोड़ से अधिक है।

17 को भी मिली थी पुलिस को सफलता
गौरतलब है कि 17 जून को खूंटी पुलिस ने 3 तस्करों के साथ 2 करोड़ से अधिक का डोडा जब्त किया था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग थाना क्षेत्र में छापेमारी कर ये कामयाबी हासिल की थी। खूंटी जिले के मुरहू और अड़की थाना क्षेत्र में छापामारी की गयी थी। पुलिस से मिली जानकारी में कहा गया था कि जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के गुमपुडू से 2 पिकअप वैन में लदे करीब 2 करोड़ का अवैध डोडा जब्त किया गया है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -