द फॉलोअप नेशनल डेस्क
मुंबई में आईसक्रीम पैक में इंसान की उंगली मिलने के बाद अब आईसक्रीम में कनखजूरा मिला है। घटना दिल्ली से लगे नोएडा में पेश आयी है। मिली खबरों में बताया गया है कि नोएडा के सेक्टर 12 में रहने वाली दीपा ने ऑनलाइन शॉपिंग एप से शनिवार सुबह आईसक्रीम का ऑर्डर दिय था। दीपा ने ऑनलाइन ऑर्डर के जरिये वनिला टेस्ट का आईसक्रीम मंगवाया था। लेकिन जब उन्होंने पैक खोला तो आईसक्रीम के बीच में कनखजूरा मिला। दीपा ने इसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद दीपा से आईसक्रीम बनाने वाली कंपनी, ऑनलाइन शॉपिंग एप की सेवा देने वाली कंपनी और पुलिस ने भी संपर्क किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दीपा से मिलने फूड विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने आईसक्रीम का सैंपल लेकर फोरेंसिंक जांच के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही फूड विभाग के अधिकारी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म के सेक्टर 22 चौड़ा शहादतपुर में स्थित उस स्टोर में भी पहुंचे। इसी स्थान से महिला को आईसक्रीम भेजा गया था। फूड विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर जांच और मुआयना किया। आईसक्रीम रखने वाली जगह का निरीक्षण किया गया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्टोर में जहां-तहां गंदगी फैली हुई थी। वहीं, ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म ने दीपा को पैसे वापस कर दिये हैं।

मुंबई में आइसक्रीम से निकली उंगली
बता दें कि इससे पहले 13 जून को, मुंबई में आइसक्रीम से इंसान की उंगली निकली थी। इससे एक महिला के साथ उसके परिवार के लोग भी दहशत में आ गये थे। वाकिया मुंबई की मलाड उपनगरी में पेश आया। महिला का कहना था कि उसने ऑनलाइन ऑर्डर कर आइसक्रीम मंगाई थी। जब उसे खाने के लिए खोला गया तो उसमें से इंसान की एक उंगली निकली। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। वहीं, कटी उंगली को फोरंसिक जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसने ने ऑनलाइन ऑर्डर के जरिये Yummo Ice Creams से पैक मंगवाया था।
