logo

आखिर कौन हैं पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, जानिए पूरी डिटेल

4543.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली में आज यानी 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं। इसमें भाजपा बहुमत के साथ 27 साल बाद सरकार बनाती नजर आ रही है। इसी बीच हॉट सीट नई दिल्ली से बीजेपी के लिए खुशखबरी सामने आई है। इस सीट से चुनाव लड़ रहे आप के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हार का सामना करना पड़ा है।

नई दिल्ली विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने एक बड़ा उलटफेर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराया है। प्रवेश वर्मा ने कुल 3181 वोटों के भारी अंतर से केजरीवाल को मात देते हुए इस सीट पर जीत दर्ज की है। 

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे हैं प्रवेश वर्मा
जानकारी हो कि प्रवेश वर्मा का जन्म 7 नवंबर 1977 को दिल्ली में हुआ था। वे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय साहिब सिंह वर्मा के पुत्र हैं। उनकी मां का नाम रामप्यारी वर्मा है। प्रवेश वर्मा की शादी स्वाति सिंह से हुई है। वे एक बेटे और दो बेटियों के पिता हैं। प्रवेश वर्मा के पास हैं कई डिग्रियां 
बता दें कि प्रवेश वर्मा के पास कई शैक्षणिक डिग्रियां हैं। इन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल आर.के. पुरम से प्राप्त की है। इसके बाद किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। फिर प्रवेश ने इंटरनेशनल बिजनेस में एमबीए की डिग्री हासिल की है। इससे उन्हें व्यापार और प्रबंधन के क्षेत्र में विशेषज्ञता मिली।

कैसे शुरू हुआ राजनीतिक सफर
बताया जा रहा है कि प्रवेश वर्मा ने 2013 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इस वक्त उन्होंने महरौली विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगानंद शास्त्री को हराया था। इसके बाद साल 2014 में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के महाबल मिश्रा को 5,78,486 वोटों के अंतर से हराकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया।

अब, 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार बनाया था। यहां उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से था। इस बार उन्होंने 3181 वोटों के अंतर से केजरीवाल को हराया है। जानकारी हो कि नई दिल्ली सीट को आमतौर पर मुख्यमंत्री की सीट माना जाता है। इस सीट से जीतने वाले उम्मीदवार अकसर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचते हैं।कितनी है प्रवेश वर्मा की संपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पर्चा दाखिल करते वक्त प्रवेश वर्मा ने अपनी संपत्ति का विवरण दिया था। इसमें उन्होंने बताया था कि उनके पास कुल 95 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें उनकी चल संपत्ति 77 करोड़ 89 लाख रुपये और अचल संपत्ति 11 करोड़ 25 लाख रुपये की है। उनकी पत्नी की चल संपत्ति 17 करोड़ 53 लाख रुपये और अचल संपत्ति 6 करोड़ 91 लाख रुपये है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उनके ऊपर 62 करोड़ 60 लाख रुपये का कर्ज है। इसमें उनके भाई सिद्धार्थ साहिब सिंह से लिया गया 22 करोड़ 59 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी शामिल है।

तीखे बयान देने के लिए हैं मशहूर
ऐसा माना जाता है कि प्रवेश वर्मा अपने तीखे बयानों के लिए भी मशहूर हैं। प्रवेश ने साल 2019 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध के दौरान आंदोलनकारियों के खिलाफ कड़ी टिप्पणियां की थीं। इसके बाद 2022 में भी उन्होंने लोगों से एक विशेष समुदाय के व्यापार का बहिष्कार करने की अपील की थी, जिससे विवाद पैदा हो गया था। फिर 2023 में, छठ पूजा से पहले एक सरकारी अधिकारी के साथ भी उनका विवाद का काफी वीडियो वायरल हुआ था।

पारिवारिक जीवन
कहा जाता है कि प्रवेश वर्मा राजनीतिक जीवन में जितने सक्रिय हैं, उतने ही वे अपने परिवार के प्रति भी समर्पित हैं। वे अपने पिता साहिब सिंह वर्मा के आदर्शों का पालन करते हुए राजनीति करते हैं। प्रवेश ने दिल्ली की जनता के बीच अपनी खास पहचान बनायी है। अपने नेतृत्व और निर्णय क्षमता के कारण प्रवेश बीजेपी के प्रमुख नेताओं की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। 

Tags - Delhi Assembly Elections Election News Arvind Kejriwal Pravesh Verma National News Latest News Breaking News