logo

श्री राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन, सरयू तट पर कल होगा अंतिम संस्कार 

राम3.jpg

द फॉलोअप डेस्क

श्री राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का आज निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज लखनऊ स्थित पीजीआई में चल रहा था, जहां ब्रेन हैमरेज के कारण बुधवार की सुबह उनका निधन हो गया।
आचार्य सत्येंद्र दास ने 34 वर्षों तक रामलला की सेवा की थी। उनकी तबीयत पिछले कुछ महीनों से खराब थी। 29 जनवरी को ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें अयोध्या के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था और 4 फरवरी को उन्हें लखनऊ पीजीआई रेफर किया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 4 फरवरी को अस्पताल जाकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली थी।
एसजीपीजीआई के निदेशक डॉ. आरके धीमान ने बताया कि आचार्य सत्येंद्र दास को मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियाँ भी थीं। उन्हें न्यूरोलॉजी आईसीयू में रखा गया था और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय और मंदिर प्रशासन ने भी आचार्य के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद लखनऊ पीजीआई से अयोध्या लाया जाएगा। इसके बाद गुरुवार को अयोध्या के सरयू तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Tags - RAMJANMBHUMIAYODHYALAKHNOWTRIDITIONALAYODHYAMANDIRLATESTNEWS