श्रीनगर:
जम्मू कश्मीर के श्रीनगर से मुठभेड़ की खबरें सामने आ रही हैं। सुरक्षाबलों ने अब तक चले ऑपरेशन में 1 आतंकी को मार गिराया है। कश्मीर के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस विजय कुमार ने बताया कि ऑपरेशन अभी भी जारी है। कुछ और आतंकियों के छिप होने की आशंका है। विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में मारा गया आतंकी बीते दिनों सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में शामिल था। आशंका जाहिर की जा रही है कि मारे गए आतंकी का साथी अभी इसी इलाके में छिपा है।

सीआरपीएफ जवानों पर हमले में शामिल था आतंकी
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को रविवार सुबह सूचना मिली थी कि श्रीनगर के बिशंबर नगर इलाके में आतंकी छिपे हैं। सुरक्षाबलों ने त्वरित इलाके की घेराबंदी की। सुरक्षाबलों ने जब तलाशी अभियान शुरू किया तो आतंकवादियों ने गोलीबारी कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।

दूसरे आतंकवादी की तलाश में जारी तलाशी अभियान
श्रीनगर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार के मुताबिक मारा गया आतंकवादी बीते 4 अप्रैल को श्रीनगर के मैसूमा इलाके में हुए हमले में शामिल था। हमले में सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया था जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था।