logo

समुद्र में बहा 14 साल का बच्चा, भगवान गणेश ने ऐसे बचाई जान

ganesh_visarjan.jpg

द फॉलोअप टीम
गुजरात के सूरत में एक पांचवीं क्लास का लड़का समुद्र में डूब गया था। समुद्र में डूब रहे लड़के की जान बड़े ही अनोखे तरीके से बचाई गई। जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। लड़के का नाम लाखन है। उसकी उम्र 14 साल है। दरअसल लाखन गणेश विसर्जन देखने के लिए गया था और गहरे पानी में चला गया। परिवार के लोगों ने बहुत ढूंढा लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। डूबने के 24 घंटे तक लड़का भगवान गणेश की मूर्ति को पकड़कर तैरता रहा। आखिरकार मछुआरों की नजर उस पर पड़ी और उसकी जान बचाई गई।


24 घंटे तक भगवान गणेश की मुर्ति पकड़कर तैरता रहा
 जानकारी के अनुसार लाखन अपनी दादी सविताबेन​, भाई​ करण (11) और बहन अंजलि (10) के साथ शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सूरत के डुमस बीच की गणेश विसर्जन देखने गया था। तभी वह गहरे पानी में चला गया। लाखन 24 घंटे तक भगवान गणेश की मुर्ति पकड़कर तैरता रहा। तट से 18 नॉटिकल माइल्स की दूरी पर वह समुद्र में तैर रहा था। तभी वहां से एक मछली पकड़ने वाली नवदुर्गा गुजरी। लाखन ने उन्हें आवाज लगाई और हाथ दिखाया, जिसके बाद मछुवारे वहां तुरंत पहुंचे। उन्होंने लड़के को पानी से निकाला। 


36 घंटे बाद परिवार से मिला
लड़के की सांसें चल रही थीं। जिसके बाद लाखन को नवसारी के धोआली बंदरगाह पर लाया गया । तट पर पहुंचने से पहले पुलिस को सूचना दी गई। नाव के पहुंचने से पहले वहां एंबुलेंस पहुंच गई थी। पुलिस के मुताबिक 14 साल का लाखन 36 घंटे बाद परिवार से मिला। परिवार को जब इसकी सूचना दी गई तो मातम मना रहे लोगों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। बच्चे को नवसारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बच्चे को देखने के लिए भीड़ जुट गई। गुजरात भाजपा अध्यक्ष और सांसद सीआर पाटिल भी उसका हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। पाटिल ने लाखन से कहा कि उसे मिली नई जिंदगी का वह अच्छा इस्तेमाल करे और पढ़-लिखकर डॉक्टर बने। पाटिल ने मीडिया से कहा कि वह भी इस बात से हैरान हैं कि एक छोटा बच्चा समुद्र में इतने देर तक गणेश मूर्ति के अवशेष के सहारे लटका रहा और डूबने से बच गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N