logo

'खाते में आएंगे 1 लाख'...कांग्रेस के चुनावी वादे पर अकाउंट खुलवाने CSP सेंटर पहुंचीं महिलाएं, यहां का है मामला

कैमूर.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के कैमूर में शनिवार को सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) में खाता खुलवाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। जब उनसे इसका कारण पूछा गया तो महिलाओं ने कहा कि उन्हें बताया गया कि अकाउंट में एक लाख रुपए दिए जा रहे हैं, इसलिए हम लोग भी अकाउंट खुलवाने पहुंचे हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 5 गारंटी का जिक्र किया था उसमें हर महिला को 8500 रुपए प्रतिमाह और घर की एक वरिष्ठ महिला को सालाना 1 लाख रुपए देने का वादा किया था।


कड़ी घूप में खाता खुलवाने पहुंची महिलाएं
मामला कैमूर के मोहनिया प्रखंड स्थित बैंक के सीएसपी सेंटर का है। जहां कड़कड़ाती घूप में खाता खुलवाने कई महिलाएं एक साथ पहुंच गईं। महिलाओं की भारी भीड़ को देख पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने महिलाओं को बड़ी मुश्किल से समझा कर घर भेजा। इस दौरान कई महिलाएं जाने से साफ मना कर रही थी।
ऐसी कोई स्कीम नहीं ये अफवाह है  
वहीं पूरे मामले पर मोहनिया बीडीओ संजय दास ने खंडन करते हुए बताया कि किसी ने महिलाओं के बीच अफवाह उड़ा दिया कि खाते खुलवाने पर 1 लाख रुपए मिलेगा।''इसलिए खाता खुलवाने के लिए महिलाएं विभिन्न प्रखंडों से आ रही हैं। महिलाओं का कहना है कि खाता खुलवाने पर कुछ लाभ प्राप्त होता है, लेकिन यह बिल्कुल ही अफवाह है। ऐसी कोई स्कीम सरकार की नहीं है। इतनी गर्मी है उसके बावजूद अपने बच्चों को लेकर महिलाएं यहां पहुंच रही हैं। महिलाएं अपने घरों में रहें यह अफवाह है, इसपर ध्यान ना दें। हम लोग समझा बुझाकर वापस भेज रहे हैं।''


जानिए, कांग्रेस का महिलाओं से क्या है वादा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में 3 अप्रैल को महालक्ष्मी योजना लागू करने की बात कही थी। वादा किया था कि इस योजना में गरीबी रेखा से नीचे (BPL कैटेगरी) से संबंधित परिवारों की मुखिया महिला के खाते में सीधे 8,500 रुपए प्रति माह जमा किए जाएंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान सभाओं में कहा कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8,500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।
99 सीट पर अटकी कांग्रेस
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 99 सीट पर अटक गई। इंडिया गठबंधन ने एनडीए की सीटों पर सेंध जरूर लगाई लेकिन सरकार NDA की ही बनी। प्रधानमंत्री के पद पर तीसरी बार नरेंद्र मोदी ने शपथ ली। चुनावों में जो नेताओं ने लोगों को समझाया था वो अब अफवाह बनकर मुसीबत खड़ी कर रहा है। कैमूर सासाराम लोकसभा क्षेत्र में आता है और यहां से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज राम ने जीत दर्ज की है।
 

Tags - BiharBihar newsCongressrahul gandhloksabha election 2024