विशाखापट्टनम/रांची
भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आज शाम या रात के बीच आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसका लैंडफॉल छलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच, काकीनाडा के आसपास होने का अनुमान है। वर्तमान में यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दर्ज है, जिसकी हवा की रफ्तार 90–100 किमी/घंटा और झोंके 110 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं।
1 मीटर तक ऊंची समुद्री लहरों (स्टॉर्म सर्ज) की आशंका के चलते तटीय क्षेत्रों में जलभराव और नुकसान का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने एहतियातन 23 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
अब तक 50 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है और 1,419 गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं। राहत दलों ने 3,465 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित निकाला है। तूफान के प्रभाव के चलते 18 उड़ानें और 120 से ज्यादा ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की है।

तमिलनाडु में भारी बारिश, चेन्नई में ऑरेंज अलर्ट
‘मोंथा’ का असर तमिलनाडु में भी नजर आ रहा है। चेन्नई, तिरुवल्लुर और कांचीपुरम जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मरीना बीच पर मछुआरों की नावों को किनारे सुरक्षित कर लिया गया है, वहीं समुद्र में लहरें 4.7 मीटर तक ऊंची उठ रही हैं। उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
ओडिशा में रेड अलर्ट, झारखंड-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है और अब तक 3,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 128 टीमें तैनात की गई हैं।
गोपालपुर पोर्ट पर मछली पकड़ने की गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने नागरिकों से प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की है। राज्य के सभी स्कूल 30 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। इस बीच, झारखंड, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, बिहार और सिक्किम में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 से 31 अक्टूबर के बीच झारखंड में बहुत भारी बारिश की संभावना है।
