logo

Ranchi : ED ऑफिस के बाहर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लगाया दिया BJP कार्यालय का पोस्टर

A182.jpg

रांची: 

यूथ कांग्रेस (Youth Congress) के कार्यकर्ताओं ने रांची में मौजूद ईडी कार्यालय (Ranchi ED Office) के बाहर बीजेपी कार्यालय का पोस्टर लगा दिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के बाहर जमकर बवाल काटा। ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

दरअसल, मंगलवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को दिल्ली स्थित ईडी हेडक्वार्टर तलब किया गया था। यहां, नेशनल हेराल्ड (National Herald) केस में सोनिया गांधी से ढाई घंटे तक पूछताछ की गई। इसी पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस पार्टी देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। राजधानी रांची में भी झारखंड कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता ने प्रदर्शन किया। 

मोरहाबादी मैदान में गांधी प्रतिमा के सामने सत्याग्रह
मंगलवार को एक ओर जहां रांची के मोरहाबादी मैदान में मौजूद बापू वाटिका के सामने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर (Rajesh Thakur) की अगुवाई में पार्टी के विधायक, मंत्री और कार्यकर्ता सत्याग्रह कर रहे थे वहीं दूसरी ओर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता ईडी कार्यालय के बाहर इकट्ठा हो गये।

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और सोनिया गांधी की तस्वीर वाला बैनर लेकर यहां पहले तो कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद ईडी कार्यालय के बाहर बीजेपी कार्यालय का पोस्टर लगा दिया। इस दरम्यान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ने की भी कोशिश की।

कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़े हुए नजर आये। पुलिस, लगातार उनसे पीछे हटने की अपील करती दिखी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। 

21 जुलाई को भी किया गया था ईडी कार्यालय का घेराव
वैसे, ये पहली बार नहीं है जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय का घेराव किया हो। 21 जुलाई को भी जब सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए ईडी हेडक्वार्टर तलब किया गया था तब भी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय का घेराव किया था। मंगलवार को भी ऐसा ही हुआ। दरअसल, कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार ईडी और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।

विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। आरोप लगाया है कि ईडी केंद्र के इशारे पर सारी कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी कहा कि देश में महंगाई है। बेरोजगारी की समस्या विकट हो गई है। सरकार इस पर चर्चा ही नहीं करना चाहती। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। 

नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से हुई है पूछताछ
गौरतलब है कि ईडी ने नेशनल हेराल्ड मनी लाउंड्रिंग मामले में बीते 3 जून को सोनिया गांधी और राहुल गांधी को समन जारी किया था। उन्हें 18 जून को ईडी हेडक्वार्टर दिल्ली तलब किया गया था। हालांकि, सोनिया गांधी तब पोस्ट कोविड समस्याओं से जूझ रही थीं इसलिए उन्होंने वक्त मांगा। राहुल गांधी 18 जून को ईडी हेडक्वार्टर पहुंचे। तब, प्रियंका गांधी की अगुवाई में कांग्रेस के नेताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। उस वक्त भी देश के अलग-अलग राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुआ था।

दिल्ली में भी ईडी हेडक्वार्टर के बाहर प्रदर्शन हुआ था। मंगलवार को भी जब राहुल गांधी बाकी सांसदों के साथ राष्ट्रपति को ज्ञापन देने जा रहे थे, दिल्ली पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चर्चा से भाग रही है। 

कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी ने किया है पलटवार
इधर, रांची में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के बाहर बीजेपी कार्यालय का पोस्टर लगा दिया। इधर, कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी का कहना है कि क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी जांच एजेंसियों से ऊपर हैं। क्या आरोप लगा है तो जांच नहीं होनी चाहिए। ईडी को मामले में कुछ मिला तभी पूछताछ हो रही है। इसमें दुरुपयोग की बात कहां से आई।