logo

पुरानी रांची में जलजमाव पर फूटा जनाक्रोश, सांसद-विधायक और नगर आयुक्त का पुतला दहन

RANCHI3211.jpg

रांची 
राजधानी रांची के पुरानी बस्तियों में शामिल पुरानी रांची के कुम्हार टोली इलाके में पिछले चार महीनों से जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और रांची के सांसद, विधायक तथा नगर निगम आयुक्त का पुतला जलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुम्हार टोली की मुख्य सड़क, जो मेन रोड और हरमू वीआईपी रोड को जोड़ती है, वहां अक्टूबर 2025 से ही एक से दो फीट तक गंदा पानी जमा है। जल निकासी नहीं होने के कारण इलाके में बदबू फैल गई है और लोगों का सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


बाउंड्री वॉल बनने से रुका पानी का प्राकृतिक बहाव
सामाजिक कार्यकर्ता एस अली ने बताया कि जिस स्थान पर हाल ही में एक बाउंड्री वॉल बनाई गई है, वहीं से वर्षों से इलाके की नाली का पानी प्राकृतिक रूप से निकलता था। दीवार बनने के बाद पानी का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया, जिसके कारण सड़क और आसपास के घरों में गंदा पानी भरने लगा है। उनका आरोप है कि एक प्रभावशाली भाजपा नेता और बिल्डर के प्रोजेक्ट के कारण यह दीवार बनाई गई है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
बीमारी और आर्थिक नुकसान की समस्या
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के कारण कई दुकानें महीनों से बंद पड़ी हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय निवासी उमेश वर्मा और विजय सिंह ने बताया कि गंदे पानी और बदबू के कारण कई लोग बीमार पड़ चुके हैं और डॉक्टर से इलाज कराना पड़ा है।


प्रशासन को दी चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों, पार्षद, विधायक और सांसद को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे वीआईपी सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में दिनेश प्रजापति, अमित खलखो, पप्पू प्रजापति, मो. शहबाज, राजन, चंदू वर्मा, मो. सदाब, शंकर प्रजापति, रोकी गोप, लालदेव तिर्की, सावन तिर्की, मुन्ना तिर्की, पंकज वर्मा, विष्णु कच्छप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Tags - RANCHI WATERLOGGING PROTEST CIVIC NEGLIGENCE PUBLIC ANGER DRAINAGE ADMINISTRATION DEMAND