logo

‘आपकी योजना, आपकी सरकार’ : ऑन-द-स्पॉट सेवाएं और अन्नप्राशन–गोद भराई संस्कार के साथ DC भजन्त्री ने बढ़ाया जनविश्वास

AAPKI.jpg

रांची 
रांची जिले में झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सभी प्रखंडों में बड़े पैमाने पर शिविर आयोजित किए गए। इसी क्रम में उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री नगड़ी प्रखंड के उत्तरी टूंडल पंचायत पहुंचे और विभिन्न योजनाओं की परिसंपत्तियों का वितरण किया।
शिविर में अंचल अधिकारी राजेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दीपाली भगत, जिला अध्यक्ष मुश्ताक आलम, जिला परिषद सदस्य पूनम देवी, समाजसेवी एवं 15वीं वित्त समिति सदस्य कलाम आजाद, पंचायत समिति सदस्य सामुल हक, मुखिया ममता तिर्की, मुखिया जहाना प्रवीण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।.


उपायुक्त ने ग्रामीणों से कहा कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार की ऐसी पहल है जिसके माध्यम से प्रशासन सीधे गांव स्तर पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने बताया कि पहले से आवेदन कर चुके लोगों को जाति, आय, निवास प्रमाण-पत्र सहित कई दस्तावेज मौके पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही अलग-अलग योजनाओं के लाभ और परिसंपत्तियां भी ऑन-द-स्पॉट दी जा रही हैं।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, ग्राम गाड़ी योजना, मनरेगा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रक्रिया एवं लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपायुक्त और अन्य अतिथियों द्वारा शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र, सोना-सोबरन धोती-साड़ी, दाखिल-खारिज शुद्धि पत्र सहित कई स्वीकृतियां लाभुकों को प्रदान की गईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचे, इस पर विशेष ध्यान रखा जाए।

कैंप में मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता के तहत उपायुक्त ने नवजात शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया और स्वयं खीर खिलाते हुए बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही एक गर्भवती महिला की गोदभराई रस्म पूरी कर उसे पोषण किट और मातृत्व सामग्री प्रदान की। उपायुक्त भजन्त्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनता की हर समस्या का समय पर समाधान हो। अधिकांश शिकायतें शिविर में ही निपटा दी जाती हैं। जिन मामलों में मौके पर समाधान संभव नहीं होता, उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इन शिविरों में आकर अपनी समस्याएं बेझिझक रखें और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News