गढ़वा
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरो मानपुर गांव में शनिवार को एक सिरफिरे प्रेमी का हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. यह ड्रामा बिकुल शोले फिल्म के एक सीन जैसा ही था. जहां बसंती की शादी कही और होने की खबर से वीरू पानी टंकी पर चढ़ जाता है और कूद जाने की धमकी देता है. ठीक इसी तरह अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से आहत होकर असदुल्ला अंसारी लगभग 500 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा. यह नजारा ऐसे ही कुछ नजारा गढ़वा में करीब 11-12 घंटे चला. कड़ी मशकत्त मशक्कत और सीआरपीएफ 172 बटालियन के इंस्पेक्टर बालविंद्र सिंह की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया.

कही और तय हुई प्रेमिका की शादी तो बना गया शोले फिल्म का वीरू
जानकारी के अनुसार, मानपुर की एक युवती और खपरो निवासी असदुल्ला अंसारी के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था. युवक के पिता खुर्शीद अंसारी ने बताया कि युवती भी उनके ही समुदाय की है. एक सप्ताह पूर्व रंका थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, जिसमें प्रेमी-प्रेमिका के विवाह पर सहमति बनी थी. हालांकि, बाद में लड़की के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, जिससे आक्रोशित होकर असदुल्ला टावर पर चढ़ गया.
CRPF के इंस्पेक्टर कहने पर उतरा युवक
स्थानीय पुलिस द्वारा काफी समझाने के बावजूद जब युवक नीचे नहीं उतरा, तो गढ़वा पुलिस ने सीआरपीएफ 172 बटालियन से सहायता मांगी. रेस्क्यू एक्सपर्ट के रूप में इंस्पेक्टर बालविंद्र सिंह को मौके पर बुलाया गया. जैसे ही इंस्पेक्टर ने युवक से संपर्क किया और अपना परिचय दिया, युवक पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ा. इंस्पेक्टर के समझाने और सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हो गया.
नीचे उतरकर युवक ने मांगी माफ़ी
सुरक्षित नीचे आने के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की. उसने कहा "इन लोगों (सीआरपीएफ और पुलिस) के समझाने के बाद मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ है. अब मैं भविष्य में कभी ऐसी हरकत नहीं करूंगा." रंका थाना प्रभारी और सीआरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक को समझा-बुझाकर परिजनों को सौंप दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि वे दोनों पक्षों के परिवारों से बातचीत करेंगे ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो. फिलहाल, इस रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल होने से प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.