logo

विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम है ‘मन की बात’, झारखंड में 9000 स्थानों पर होगा आयोजन- दीपक प्रकाश

bjp15.jpg

द फॉलोअप डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधा संवाद विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय गैर राजनीतिक संवाद कार्यक्रम है। ये बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने 28 अप्रैल शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि देश के प्रभावशाली व्यक्त्तिव, विचार, संस्कृति, संस्कार, प्रगति को संवाद के माध्यम से दुनिया के सामने लाने का अनूठा कार्यक्रम भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर 2014 को विजयादशमी पर्व के शुभ अवसर पर प्रारंभ किया। निर्विघ्न रूप से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आगे बढ़ता यह कार्यक्रम आगामी 30 अप्रैल रविवार को अपना 100 वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता इसे महोत्सव के रूप में मनाएगी। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम विश्व रिकॉर्ड बनाएगा।

देश में 3.50 करोड़ लोग होंगे शामिल

प्रकाश ने कहा कि कार्यक्रम में सभी वर्ग, समाज, जाति, समुदाय, संप्रदाय के लोग शामिल होंगे। साथ ही इस कार्यक्रम में अलग-अलग स्थानों पर ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद के लिए निर्वाचित जन प्रतिनिधि, पूर्व प्रतिनिधि, पार्टी के बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्र में निर्धारित स्थानों, बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 3.50 लाख बूथों पर 3.50 करोड़ लोग शामिल होंगे।

झारखंड में अलग-अलग वर्ग समूह सुनेंगे मन की बात

इस दौरान प्रकाश ने झारखंड के संदर्भ में बताया कि राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 स्थान के हिसाब से 81 विधानसभा में 8100 स्थानों के अतिरिक्त 900 विशेष स्थान भी निर्धारित हैं। झारखंड में कुल 9000 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित है। जिसमें समाज के अलग अलग वर्ग समूह डॉक्टर्स, वकील, प्राध्यापक,  सीए, सी एस, मजदूर, छात्र, सभी सुनेंगे।

झारखंड का चंदनक्यारी कार्यक्रम का बनेगा हिस्सा

प्रकाश ने कहा कि झारखंड भी 6 कार्यक्रमों में मन की बात का हिस्सा बना। जिसमें भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु की चर्चा, खरसावां के हल्दी उत्पाद की चर्चा, बुंडू के बांस से बने उत्पादों की चर्चा, खिलौनों की चर्चा सहित सरायकेला खरसावां के महिला द्वारा किए गए अंगदान की चर्चा,जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। वहीं, उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल के कार्यक्रम में झारखंड का चंदनक्यारी कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा।

बराक ओबामा भी हुए मन की बात कार्यक्रम में शामिल

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा दुनियां कार्यक्रम को लोहा मानती है। प्रधानमंत्री ने 99वें संस्करण तक कभी किसी पार्टी के नाम, कार्यक्रम की चर्चा नहीं की। यह पूरी तरह गैर राजनीतिक संवाद कार्यक्रम है। जिसमे 2015 में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी शामिल हो चुके हैं। ओबामा ने आलेख में इसकी प्रशंसा की थी। कहा कि इस कार्यक्रम से भारत की लोक परंपरा, संस्कृति, सामाजिक जागरूकता के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता, खादी, कोरोना की लड़ाई, टीकाकरण, पर्यावरण संरक्षण ड्रग्स के खिलाफ अभियान को जन जन तक पहुंचाया गया।

आईआईएम, रोहतक ने किया सर्वेक्षण

प्रकाश ने कहा कि इस अनूठे कार्यक्रम पर आईआईएम रोहतक का सर्वेक्षण कार्यक्रम के महत्व को उजागर करता है। जिसके अनुसार देश के 96 प्रतिशत लोग मन की बात कार्यक्रम से परिचित हैं, 100 करोड़ लोग इसे एक बार जरूर सुन चुके हैं, 23 करोड़ लोग इसे नियमित रूप से सुनते हैं। कहा कि सर्वेक्षण के हिसाब से कार्यक्रम के कारण 60 प्रतिशत लोगों ने राष्ट निर्माण के कार्यों में रुचि दिखाई है, 55 प्रतिशत लोग जिम्मेवार नागरिक बनने के लिय प्रेरित हुए हैं,  58 प्रतिशत लोगों के जीवन में सुधार आया है। 73 प्रतिशत लोगों में आशावादी दृष्टिकोण विकसित हुए है।

100वें संस्करण के पूर्व संध्या पर झारखंड में 29 की शाम मनेगा दीपोत्सव

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बताया कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है। लोग प्रधानमंत्री को सुनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे। 29 अप्रैल की शाम पार्टी द्वारा सभी जिला मुख्यालयों में दीपोत्सव मनाया जायेगा। लोग दीप जलाकर 100वें संस्करण का स्वागत करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रभात फेरी कार्यक्रम भी आयोजित है। सभी जिलों में दीवाल लेखन कार्यक्रम भी पार्टी द्वारा चलाया जा रहा है।

प्रमुख नेतागण होंगे शामिल

बताया कि वे स्वयं महिलौंग के 194बूथ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। जबकि नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी गिरिडीह के धनवार में, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बर्मा माइंस जमशेदपुर में, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र हिनू में, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह धनबाद में, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 23 पर कार्यक्रम में शामिल होंगी। मौके पर प्रदेश मंत्री एवं मन की बात कार्यक्रम के संयोजक सुबोध सिंह गुड्डू, वक्ता प्रतुल शाहदेव भी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT