logo

गृहमंत्री अमित शाह को 30 मई तक झारखंड में ही रहने का न्योता क्यों दे रहे हैं सुप्रियो भट्टाचार्य

ेहजीगबो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः

लोकसभा चुनाव 2024 में चौथे चरण के मतदान से पहले प्रचार का शोर थम गया। 13 मई को झारखंड की 4 सीटों पर मतदान होना है। इस बीच झारखंड में प्रधानमंत्री सहित भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं का दौरा हो रहा है। शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह ने खूंटी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान गृहमंत्री ने कहा था कि झारखंड में भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे। गृहमंत्री के इस बयान पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गृहमंत्री ने भाषायी मर्यादा लांघी है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह झारखंड को गुजरात न समझें। शुक्र मनायें कि सभा में आदिवासी नहीं थे वरना कुछ भी हो सकता था। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि इस चुनाव में झारखंड की जनता बीजेपी को उल्टा लटकाकर सीधा कर देगी। इस बीच सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह दावा किया कि खूंटी में गृहमंत्री की सभा में बमुश्किल 5 हजार लोग जुटे। वो भी वही लोग थे जिन्हें वाहनों में ढोकर लाया गया था। 

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मेरी अपील है कि गृहमंत्री 30 मई तक झारखंड दौरे पर रहें। सभी 14 लोकसभा सीटों पर जनसभा को संबोधित करेंगे क्योंकि अतीत बताता है कि जहां-जहां अमित शाह की सभा होती है वहां गठबंधन को फायदा मिलता है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले चुनाव में अमित शाह ने चक्रधरपुर में जनसभा को संबोधित किया था। वहां भी छिटपुट भीड़ जुटी और चाईबासा संसदीय सीट पर कांग्रेस को जीत मिली। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 13 मई को 4 आरक्षित संसदीय सीटों पर वोटिंग होगी। लोहरदगा, चाईबासा और खूंटी एसटी आरक्षित सीट है जबकि पलामू एससी के लिए आरक्षित है। 2 सीटों पर कांग्रेस मैदान में है। एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा और 1 में आरजेडी है। सोमवार को संकेत मिल जायेगा कि 14 में से 4 सीटें स्पष्ट रूप से इंडिया गठबंधन के खाते में आ रही है। बीजेपी का सफाया हो जायेगा। 

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गृहमंत्री ने झारखंड में दादागिरी की भाषा का इस्तेमाल किया। हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी पूरे देश मे 370 हटाने की बात करती है लेकिन श्रीनगर में चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटाती। वहां पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस चुनाव लड़ रही है। जो लोग नारा लगाते थे कि जहां बलिदान हुए मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है। उन्होंने कहा कि इस बार बीजेपी श्रीनगर में घुस नहीं पायेगी। 

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यदि बीजेपी में हिम्मत है कि कश्मीर में विधानसभा का चुनाव कराये। वे केवल गीदड़भभकी देते हैं। बीजेपी मुद्दों की बात नहीं करती। केवल भयादोहन किया जा रहा है। वित्तमंत्री आती हैं और लैंड स्कैम के आरोपी से मिलती हैं। उनके बीच डील होती है। होटल में अकेले में मुलाकात होती है। जेल से छूटे एक और जमीन घोटाले के आरोपी से मुलाकात होती है। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। 

1 जून को अंतिम मतदान होगा। बीजेपी शून्य पर चली जायेगी। बीजेपी इसलिए बौखलाहट में है। आज तमाड़ में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जनसभा को संबोधित किया। कह रहे थे कि झारखंड में घुसपैठिया है। उनको बताना चाहिए कि असम में मतुआ समुदाय के लोग घुसपैठिया हैं कि नहीं। केंद्र में मंत्री बने शांतनु अधिकारी मतुआ समुदाय से आते हैं। वे घुसपैठिया हैं या नहीं। बीजेपी केवल विभाजनकारी राजनीति करती है। नफरत फैलाती है। 

Tags - Supriyo Bhattacharya Supriyo News JMM Supriyo Lok Sabha Elections Jharkhand Lok Sabha Elections Home Minister Amit Shah

Trending Now