logo

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची सत्यापन कार्य का लिया जायजा

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची सत्यापन कार्य का लिया जायजा

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार (Chief Electoral Officer K Ravi Kumar) ने मंगलवार को तमाड़ विधानसभा  (Tamar Assembly) निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत होम टू रोल वेरीफिकेशन (Home-to-roll verification) के तहत मतदाता सूची (Electoral Roll) के सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर होम टू रोल मतदाता सूची के सत्यापन कार्य की समीक्षा की। भौतिक समीक्षा के क्रम में तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 7, 100 एवं 255 के अंतर्गत क्रमशः डिम्बुजारदा गांव, जंगामी गांव एवं बुंडू शहरी क्षेत्र में होम-टू-रोल सत्यापन किया गया।

सात पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान

चार अलग-अलग स्थानों पर किए गए सैंपल सर्वेक्षण के दौरान लगभग 24 में से 30 घरों का भ्रमण कर वहां निवास करने वाले नागरिकों की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। सर्वेक्षण के दौरान सात ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों (Eligible Indian citizens) की पहचान की गई, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। विशेष बात यह रही कि ये सभी सात नागरिक युवा हैं तथा मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस तथ्य को गंभीरता से लेते हुए सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सघन होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया।

भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा इससे पहले जन्मे सभी पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान करते हुए उनका मतदाता सूची में शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए होम टू रोल सत्यापन करने तथा छूटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Tags - Jharkhand Election CommissionChief Electoral OfficerTamar Assembly ConstituencyVoter List VerificationHome to Roll VerificationVoter List UpdateJharkhand News