logo

इजरायल-हमास की गोलीबारी में फंसी रांची की विनीता, वापसी के लिए सरकार से गुहार

israil.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

इजरायल औऱ हमास के लड़ाकों के बीच आज चौथे दिन भी गोलीबारी जारी रही। इस बीच इजरायल के तेल अबीब शहर में झारखंड, रांची की छात्रा विनीता घोष फंस गयी हैं। वो इजरायल से वापस रांची आना चाहती हैं लेकिन उसे कहीं से मदद नहीं मिल रही है। बता दें कि रांची की विनीता घोष तेल अबीब विश्वविद्यालय में पीएचडी करने के लिए गयी हैं। रांची के रातू रोड में रहने वाले उसके पिता विश्वजीत घोष ने सांसद महुआ माजी से इस बाबत गुहार लगायी है। लेकिन अभी तक कोई मदद नहीं मिल पायी है। हालांकि महुआ माजी ने इस मामले में भारतीय दूतावास को ईमेल कर दिया है। रातू रोड, आर्यापुरी में रहने वाले विनीता के पिता ने बताया कि आज बुधवार को उनकी बेटी से बात हुई है। बताया कि बेटी वहां से रांची आने के लिए परेशान है।

इकलौती संतान है विनीता घोष 

विनीता ने अपने स्तर से भी वापसी की कोशिश की है, लेकिन वो अब तक नाकाम रही है। अब विनीता के माता-पिता को बेटी की चिंता खाये जा रही है। बता दें कि विनीता घोष माता-पिता की इकलौती संतान है। विनीता के पिता ने बताया कि इस बाबत उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से भी गुहार लगायी है। मरांड भी अपनी ओर से विनीता की वापसी की कोशिश कर रहे हैं। बकौल विश्वजीत विनीता को फिलहाल उसके हॉस्टल में ही रहने की सलाह दी गयी है। और हॉस्टल के नीचे बंकर बना हुआ है। खतरे का सायरन बजने पर स्टूडेंट्स बंकर के अंदर चले जाते हैं। विश्वजीत घोष ने बताया कि उनकी बेटी विनीता पिछले साल 2022 के फरवरी महीने में इजरायल गयी है। विनीता ने आरंभिक पढाई डीएवी हेहल से की है। तेल अबीब में उसे फेलोशिप मिलता है। इस कारण उसे रांची से उनके माता-पिता की ओर से कोई पैसा नहीं भेजा जाता है।