logo

कांटाटोली फ्लाईओवर पर 1 अक्टूबर से दौड़ेंगी गाड़ियां!, 30 सितंबर तक काम पूरा करने का निर्देश

ेोमपगन2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
नगर विकास व आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार सोमवार को निर्माणधीन कांटाटोली फ्लाईओवर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान जुडको ने दावा किया है कि 30 सिंतबर से फ्लाईओवर पर यातायात शुरू करा दिया जाएगा। फ्लाईओवर पर दो रैंप बनाए जाएंगे। एक रैंप खादगढ़ा बस स्टैंड के प्रवेश द्वार के पांस नामकुम व बस स्टैंड की ओर जाने के लिए होगा। जबकि, लालपुर की ओर जाने के लिए पेट्रोल पंप के पास एक रैंप बनाया जायेगा। सचिव ने जुडको और फ्लाइओवर बना रही एजेंसी को हर हाल में 30 सितंबर तक काम पूरा कर यातायात शुरू कराने लायक बनाने का निर्देश दिया है। 

प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कार्यरत एजेंसी डीआरए के प्रतिनिधि को स्पष्ट रूप से कहा कि योगदा मठ बहुबाजार से शांतिनगर कोकर तक फ्लाईओवर पर यातायात शुरू करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाए पूरी कर ली जाए। अधिकारियों ने प्रधान सचिव को बताया कि फ्लाईओवर के सभी 486 प्रीकास्ट सेगमेंटल बॉक्स चढ़ चुके हैं। सभी बॉक्स केबल से बांधते हुए विशेष ग्लू (गोंद) से जोड़ा जा चुका है। सेगमेंटल बॉक्स को सड़क का रूप देने के लिए 50 एमएम का बिटुमिन लेयर चढ़ाया जा चुका है। बिटुमिन के उपर 25 एमएम मास्टिक अस्फाल्ट का लेयर चढ़ाने का काम अंतिम चरण में है। 


फ्लाईओवर पर प्रकाश व्यवस्था के लिए लगभग 125 बिजली के खंभे लगाने का काम भी चल रहा है। शांतिनगर कोकर के पास माइनर ब्रिज को चौड़ा करने का काम तेजी से चल रहा है। विभागीय प्रधान सचिव को जुडको की ओर से आश्वस्त किया गया है कि 30 सितंबर तक माइनर ब्रिज का भी काम पूरा हो जाएगा। फ्लाईओवर के नीचे भी एलइडी बल्ब लगाए जा रहे हैं। 

Tags - Kantatoli Flyover Ranchi Kantatoli Principal Secretary Sunil Kumar JUDCO Kantatoli Flyover under construction