logo

हजारीबाग की महिला की मुंबई में मौत, पिता का आरोप- पति दहेज के लिए करता था प्रताड़ित 

DEATH6.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
हजारीबाग के न्यू एरिया में रहने वाले राजेश मेहता की 24 वर्षीय बेटी वर्षा कुमारी की मुंबई में मौत हो गई है। वर्षा के पिता राजेश मेहता ने नवी मुंबई पुलिस को आवेदन दिया है। आवेदन में राजेश ने अपनी बेटी के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। राजेश ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी इसी साल 10 मार्च को चौपारण के मनीष कुमार गुप्ता से की थी। शादी के शुरुआती 2 महीने तक सब ठीक रहा, लेकिन इसके बाद मनीष ने 10 लाख रुपये और चार चक्का गाड़ी की मांग करनी शुरू कर दी। साथ ही मनीष वर्षा को मारता पीटता भी था। वर्षा के पति मनीष कुमार को नवी मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

राजेश मेहता से मिली जानकारी के अनुसार उनकी बेटी वर्षा ने चौपारण के बसरिया के रहने वाले मनीष कुमार गुप्ता से शादी की थी। राजेश ने उनकी शादी में अच्छा-खासा दहेज भी दिया था। इसके बावजूद शादी के कुछ महीने बाद ही मनीष 10 लाख रुपये और 4  चक्का गाड़ी की मांग करने लगा। इसको लेकर परिजनों के बीच बातचीत भी हुई थी। वर्षा के ससुराल वालों ने किसी तरह का दबाव नहीं देने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन इसके बाद भी मनीष अपनी मांग पर अडिग रहा। इसके कारण वर्षा अपने ससुराल में नहीं रह रही थी।

मनीष ने फिर कुछ दिन बाद मुंबई में नौकरी लगने की बात कही। इसके बाद वह 10 जुलाई को वर्षा को अपने साथ मुंबई ले गया। 16 सितंबर को मनीष ने फिर 50 हजार की मांग की, जिसे ऑनलाइन पैसे भेजे गए। लेकिन 22 सितंबर को सुबह 8 बजे बेटी ने पिता को फोन कर बताया कि मनीष ने उसे मार कर घायल कर दिया है। वर्षा के परिजनों ने मनीष को फोन कर घटना की जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन मनीष का फोन बंद पड़ा था। इसके बाद कोपर खैरणे थाना पुलिस, नवी मुंबई को फोन किया गया। यहां परिजनों को सूचना मिली की उनकी बेटी की मौत हो गयी है। पिता राजेश मेहता ने मनीष के साथ-साथ उसके पिता दयानंद प्रसाद डांगी, दिव्या देवी और सतीश कुमार पर भी हत्या का आरोपी लगाया है। नवी मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है साथ ही मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड लेटेस्ट न्यूज हजारीबाग Jharkhand News Jharkhand Latest News Hazaribagh