द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो जाने के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ भी की। मृतका की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के जितकुंडी निवासी 35 वर्षीय नीलम कुमारी, पति मुकेश मंडल के रूप में हुई है। मृतका के पति मुकेश मंडल ने बताया कि बच्चादानी के ऑपरेशन के लिए 14 मार्च को नीलम कुमारी को विश्वनाथ नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से पहले अस्पताल में इलाज का पैसा जमा किया गया और खून की भी व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद अचानक सोमवार को महिला की तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों का आरोप है कि जब वे लोग मरीज से मिलने की कोशिश कर रहे थे, तब अस्पताल प्रबंधन की ओर से मिलने नहीं दिया जा रहा था और कहा जा रहा था कि इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि बार-बार पर्दा लगाकर उन्हें बाहर रखा गया। कुछ देर बाद जब महिला की मौत की सूचना मिली तो परिजन जबरन अंदर जाने लगे। इसी दौरान अस्पताल कर्मियों और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई और मारपीट की नौबत आ गई।

परिजनों का आरोप है कि जब महिला की हालत गंभीर थी तो अस्पताल प्रबंधन ने समय पर रेफर भी नहीं किया, जबकि वे लोग लगातार रेफर करने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और इंस्पेक्टर मंटु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।