logo

Ranchi : केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा बोले- SI संध्या टोपनो की हत्या सुनियोजित साजिश, परिजनों ने की CBI जांच की मांग

a296.jpg

डेस्क: 

रांची  (Ranchi) के तुपुदाना थाने (Tupudana) में पदस्थापित दारोगा संध्या टोपनो (SI Sandhay Topno) हत्याकांड मामले में कई लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुव रास, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और रांची सांसद संजय सेठ के बाद अब केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) ने भी घटना की निंदा की। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इसे राज्य सरकार की कमजोर कानून-व्यवस्था का परिणाम बताया है। गौरतलब है कि रांची के तुपुदाना में तैनात एसआई संध्या टोपनो की बुधवार तड़के 3 बजे हत्या कर दी गई। 

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने की निंदा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने संध्या टोपनो की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आज रांची के तुपुदाना थाने में पदस्थापित दारोगा संध्या टोपनो के ऊपर वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वैन चढ़ाए जाने से उनकी मृत्यु हो गई। यह एक सुनियोजित साजिश लग रही है। प्रशासन इस मामले में गंभीरता दिखाएं। संध्या जी के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।विनम्र श्रद्धांजलि। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि राज्य में पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। अपराधियों में कानून का खौफ नहीं है। गौ-तस्करों का मनोबल बढ़ा हुआ है। वहीं, सांसद संजय सेठ ने कहा कि वे सदन में इस मामले को उठाएंगे। प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। 

 

तुपुदाना थाना में पदस्थापित थीं संध्या
गौरतलब है कि राजधानी रांची के तुपुदाना थाने में पदस्थापित 2018 बैच की दारोगा संध्या टोपनो गौ-तस्करी की गुप्त सूचना मिलने पर वो घटनास्थल की तरफ गई थीं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एसआई संध्या टोपनो रांची-खूंटी मुख्य मार्ग स्थित हुलहूंडू (Hulhundu) के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी तभी उनको एक संदिग्ध पिकअप वैन आता दिखा। संध्या टोपनो ने चालक को रूकने का इशारा किया लेकिन वाहन को धीमा करने की बजाय चालक ने उसकी रफ्तार बढ़ा दी और संध्या टोपनो को कुचल दिया। बाकी पुलिसकर्मियों ने वाहन का पीछा किया और वाहन सहित 1 व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। 

परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की
दिवंगत संध्या टोपनो के परिजनों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है। परिजनों ने हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। इधर, दिवंगत संध्या टोपनो का पार्थिव शरीर पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां एसएसपी किशोर कौशल सहित अन्य अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने संध्या टोपनो को श्रद्धांजलि दी। फिलहाल सरकार ने कुछ नहीं कहा है।