logo

आपकी योजना आपकी सरकार कार्यक्रम के तहत अब 21 नवंबर से 28 नवंबर तक सेवा सप्ताह

apki_yojna1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य सरकार ने आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत फेज वाइज कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब 21 नवंबर से 28 नवंबर तक सेवा का सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत राइट टू सर्विस एक्ट 2011 के तहत आम नागरिकों से आवेदन लिए जाएंगे। उनमें जन्म, मृत्यु, जाति, आवासीय प्रमाण पत्रों को बनाने से जुड़े आवेदन लिए जाएंगे। मालूम हो कि इन प्रमाण पत्रों के लिए राज्य सरकार ने राइट टू सर्विस एक्ट के तहत निष्पादन का समय निर्धारित कर रखा है। साथ ही लंबित आवेदन निष्पादित किए जाएंगे। फिर दूसरे सप्ताह में आयोजित होनेवाला कार्यक्रम दूसरी योजनाओं और कार्यक्रम पर आधारित होगा। यहां मालूम हो कि पूर्व में राज्य सरकार ने 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक राज्य में आपकी योजना आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन करने का फैसला की थी। मुख्यमंत्री 21 नवंबर को डालटेनगंज में सेवा सप्ताह का शुभारंभ करने वाले थे, उनकी जगह अब वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर इसका शुभारंभ करेंगे।

राज्य की हेमंत सोरेन सरकार 2021 से आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम चला रही है। 15 नवंबर 2021 को इस कार्यक्रम की शुरुआत की गयी थी। पंचायत स्तर पर शिविर लगा कर आम नागरिकों की समस्याओं का हल निकालना इसका मुख्य उद्देश्य रहा है। इस वर्ष भी कल 21 नवंबर को डालटेनगंज से इस योजना का शुभारंभ करेंगे। लेकिन सरकार के पास दुरुस्त आंकड़ा ही नहीं है कि 2024 में आए कितने आवेदन निष्पादित हुए। कितने अभी भी लंबित हैं। किस जिले या विभाग के पास कितने कितने आवेदन लंबित पड़े हैं। जानकारी के अनुसार आज मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम की समीक्षा की गयी। उसमें आंकड़े अपडेटेड नहीं रहने के कारण, फिर से इसे अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद 24 सितंबर के बाद वेबसाइट पर आंकड़े का अपग्रेडेशन रोक दिया गया था, जिस कारण यह स्थिति है।

24 सितंबर 2024 तक का ही आंकड़ा
2024 में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत राज्य में कुल 5641 शिविर और 13 विशेष शिविर आयोजित किए गए। इनमें 24 सितंबर को 96 शिविर आयोजित हुए थे। इन शिविरों में कुल 32,80,183 आवेदन आए। इनमें से, 9,43,814 आवेदनों का निपटारा (Disposed) कर दिया गया है । हालांकि, 23,29,735 आवेदन अभी भी लंबित (Pending) हैं । इनमें कुल 6,634 आवेदन अस्वीकृत (Rejected) किए गए हैं । फोकस्ड स्कीम्स (Focused Schemes)- फोकस्ड स्कीम में सर्वाधिक 22,76,723 आवेदन पंजीकृत हुए, जिनमें से 3,45,572 का निपटारा हुआ। लाभार्थी उन्मुख स्कीम्स (Beneficiary Oriented Schemes)-यहां 7,38,526 आवेदन प्राप्त हुए और 3,94,123 का निपटारा किया गया । ऑन-द-स्पॉट वितरण स्कीम्स (On-The-Spot Distribution Schemes)- कुल 1,08,272 आवेदन पंजीकृत हुए, जिनमें से 96,547 का निपटारा हुआ । ऑन-द-स्पॉट शिकायत स्कीम्स (On-The-Spot Grievance Schemes)- कुल 1,56,612 आवेदन प्राप्त हुए और 1,07,570 का निपटारा किया गया। विशेष शिविर स्कीम्स (Special Camp Schemes)- इस श्रेणी में सबसे कम 50 आवेदन पंजीकृत हुए, जिनमें से केवल 2 का ही निपटारा हो पाया ।

जिलों के अनुसार फोकस स्कीम्स का ब्रेकअप
फोकस्ड स्कीम्स के तहत, सबसे अधिक आवेदन गिरिडीह से (1,81,476) प्राप्त हुए, लेकिन यहां निपटारा प्रतिशत मात्र 9.15% रहा । निपटारा प्रतिशत के मामले में, चतरा (34.76%) और बोकारो (34.73%) सबसे आगे रहे, जबकि सबसे कम निपटारा प्रतिशत गढ़वा (4.55%) और गोड्डा (5.46%) में दर्ज किया गया । सबसे कम आवेदन लोहरदगा (25,856) में पंजीकृत हुए ।

फोकस स्कीम्स का योजनावार विश्लेषण
फोकस्ड स्कीम्स के तहत 'अबुआ आवास योजना' में सर्वाधिक 17,50,040 आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन इसका निपटारा प्रतिशत 0.00% रहा, जिसका अर्थ है कि एक भी आवेदन का निपटारा नहीं हो पाया । जाति प्रमाण पत्र (केवल विद्यार्थियों के लिए) में सबसे अधिक निपटारा प्रतिशत 89.03% रहा। आवासीय प्रमाण पत्र (केवल विद्यार्थियों के लिए) का निपटारा प्रतिशत 87.19% और आय प्रमाण पत्र (केवल विद्यार्थियों के लिए) का 87.60% रहा। सर्वजन पेंशन योजना में 1,59,951 आवेदन आए और 64.98% का निपटारा हुआ । अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना में 45.54% आवेदनों का निपटारा हुआ ।

लाभार्थी उन्मुख और ऑन-द-स्पॉट स्कीम्स
लाभार्थी उन्मुख स्कीम्स में, 'अन्य' श्रेणी में सर्वाधिक 6,30,542 आवेदन प्राप्त हुए और इसका निपटारा प्रतिशत 52.62% रहा । विधवा पेंशन (63.77%) और विकलांग पेंशन (62.18%) में भी निपटारा दर अच्छी रही । ऑन-द-स्पॉट वितरण स्कीम्स के तहत, धोती - साड़ी - लुंगी वितरण में 1,04,100 आवेदन प्राप्त हुए और 89.64% का उच्च निपटारा प्रतिशत दर्ज किया गया । इसके अलावा, ऑन-द-स्पॉट 2,36,036 परिसंपत्तियों का वितरण किया गया । SHG/क्लस्टर सदस्यों के बीच ID कार्ड वितरण- 1,57,483,साइकिलों का वितरण- 65,054,जाति प्रमाण पत्र का वितरण- 13,499, जिलों के अनुसार, SHG/क्लस्टर सदस्यों के बीच ID कार्ड वितरण में चतरा (49,294) सबसे आगे रहा, जबकि साइकलों के वितरण में भी चतरा (6,868 वितरित) अग्रणी जिलों में से एक है ।

ऑन-द-स्पॉट शिकायत निवारण स्कीम्स
ऑन-द-स्पॉट शिकायत निवारण स्कीम्स में कुल 1,56,612 आवेदन प्राप्त हुए और 68.69% का निपटारा किया गया ।
राशन कार्ड में संशोधन के लिए सर्वाधिक 86,388 आवेदन आए और 65.97% का निपटारा हुआ ।
आधार कार्ड में संशोधन का निपटारा प्रतिशत सबसे अधिक 89.86% रहा ।
बिजली बिल से संबंधित शिकायत में 53.45% आवेदनों का निपटारा हुआ ।

Tags - Jharkhand Your plan your government at your doorstep 21 to 28 November Service Week Hemant Soren Palamu Inauguration