logo

sahibganj : तालझारी थाने में जमकर तोड़फोड़, 2 जवान घायल...कई गाड़ियां भी की गई क्षतिग्रस्त 

taaljahri.jpg

साहिबगंजः
शुक्रवार को तालझारी थाने में जमकर तोड़-फोड़ की गई। तोड़फोड़ और पथराव में 2 जवान भी घायल हो गए। साथ ही छह गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दी गईं। जानकारी के अनुसार यह विरोध प्रदर्शन इसलिए किया जा रहा है क्योंकि बीते दिनों एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी थी। युवक की पत्नी का आरोप है कि उसके पति को 4 दिन तक पुलिस ने थाने में रखकर पीटा है, जिससे उसकी मौत हो गयी है। मृतक के परिजनों ने शुक्रवार की सुबह झरना टोले के पास महाराजपुर-तालझारी-शर्मापुर रोड जाम कर दिया। 


छावनी में तब्दील हुआ इलाका 
भीड़ ने तालझारी थाने में घुसकर तोड़-फोड़ की है। पुलिस ने थाने में भीड़ के हमले के बाद बचाव में आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया गया। आक्रोशित भीड़ के पथराव करने से जवान चरण सोरेन व संतोष झा घायल हो गए। चरण सोरेन का पैर टूट गया है। बीडीओ साइमन मरांडी समेत 6 सरकारी गाड़ियां और 2 बाइक क्षतिग्रस्त कर दी गई। भीड़ ने आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद माहौल गरम हो गया। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। 


अचानक बिगड़ गयी तबियत 
राजमहल एसडीपीओ अरविंद कुमार सिंह और बरहड़वा एसडीपीओ प्रदीप कुमार उरांव घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने का कहना है कि होंडा शोरूम में बीते रविवार को करीब 3 लाख रुपए लूट के मामले में देबू तुरी समेत 2 लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। होंडा शोरूम मालिक ने देबू तुरी को नामजद आरोपी बनाया था। बताया गया कि पुलिस अभिरक्षा में गुरुवार की देर शाम उसकी मौत हो गई। राजमहल एसडीपीओ ने बताया कि देबू तूरी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। थाने में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। एसडीपीओ ने बताया कि डॉक्टर ने तत्काल उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।