logo

मिर्जा चौकी पोकलेन-हाईवा आगजनी कांड में 2 गिरफ्तार, 7 देसी रायफल बरामद: एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

WhatsApp_Image_2025-06-09_at_7_08_20_AM.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 
साहेबगंज जिले के मिर्जा चौकी थाना क्षेत्र में हुए पोकलेन और हाईवा आगजनी कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उनके पास से 7 देसी रायफल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त विधिक भाग-34/25 दिनांक 02.06.2025 के तहत एक महत्वपूर्ण गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शातिर अपराधी सूर्या हांसदा गिरोह के साथ मिलकर इस बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दिया था । मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, साहेबगंज के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान फागु माल पहाड़िया के घर की चारों ओर से घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
इस दौरान दो आरोपियों — फागु माल पहाड़िया एवं मंगल मरांडी, दोनों निवासी थाना मिर्जा चौकी, जिला साहेबगंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने दामिनभिट्टा स्थित जय माता दी स्टोन क्रशर में पोकलेन और हाईवा वाहनों में आग लगाकर घटना को अंजाम दिया था।
आरोपियों के अनुसार, घटना में प्रयुक्त हथियारों को गिरोह के सरगना सूर्या हांसदा ने फागु के घर पर छिपा दिया था, जबकि अन्य हथियार लेकर वह फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फागु माल पहाड़िया के घर से कुल 7 देसी रायफलें बरामद की हैं।
दोनों ने न केवल अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है, बल्कि गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा किया है, जिसमें मुख्य रूप से सूर्या हांसदा शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच तेज़ कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सकता है।

Tags - jharkhand news sahebganj newssahebganj crime newsझारखंड समाचार साहेबगंज समाचार साहेबगंज अपराध समाचार