logo

TSPC का टॉप कमांडर पलामू में गिरफ्तार, पुलिस के सामने उगले ये राज

arrest18.jpg

पलामू 

पुलिस के लिए सिरदर्द बने प्रतिबंधित टीएसपीसी के टॉप कमांडर माहेश्वर राम को पलामू में अरेस्ट कर लिया गया है। टॉप कमांडर माहेश्वर की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी। इसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई ऑपरेशन चलाये थे। बता दें कि टॉप कमांडर माहेश्वर राम पलामू के हरिहरगंज, भंवरदह का निवासी है। पलामू पुलिस के अनुसार टॉप कमांडर माहेश्वर राम की ये गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि माहेश्वर राम इलाके में संगठन का विस्तार करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए लोगों से संपर्क कर रहा है। साथ ही संगठन के लिए फंड का भी इंतजाम कर रहा था। इसी क्रम में पुलिस को टॉप कमांडर के हरिहरगंज में छिपे होने की खबर मिली। पुलिस की टीम ने हरिहरगंज में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में हरिहरगंज और पलामू पुलिस ने हिस्सा लिया। अंतत: टीम ने घात लगाकर टॉप कमांडर माहेश्वर राम को गिरफ्तार कर लिया। पलामू पुलिस कप्तान आर रमेशन ने माहेश्वर राम की गिरफ्तारी की तस्दीक कर दी है। 

पुलिस को दी ये अहम जानकारी 
मिली खबर के मुताबिक टॉप कमांडर माहेश्वर राम ने पुलिस को टीएसपीसी के संगठन विस्तार और इससे संबंधित कई अहम जानकारी दी है। उसने पुलिस को बताया है कि किस स्थान पर कौन से लोग प्रतिबंधित संगठन के लिए काम करते हैं। संगठन सूचनाओं का लेन-देन कैसे करता है। उनको हथियार की आपूर्ति कौन करता है। किन लोगों से लेवी लेने की योजाना है। गिरफ्तार टॉप कमांडर से पुलिस को जानकारी मिली है कि संगठन को मदद पहुंचाने वाले नावाबाजार, पांडु, हुसैनाबाद, हरिहरगंज और छतरपुर इलाके तक फैले हुए हैं। 

नगीना दस्ते का सदस्य था

बता दें कि गिरफ्तार टॉप कमांडर माहेश्वर राम को पुलिस ने कुछ साल पहले भी गिरफ्तार किया था लेकिन, जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से संगठन की गतिविधियों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। कुछ महीने पहले वो टीएसपीसी के नगीना दस्ते में शामिल हुआ था। नगीना टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर है। बहरहाल, माहेश्वर राम ने पुलिस को बताया कि नगीना दस्ते में उसके साथ 20-25 लोग औऱ भी शामिल हैं।