द फॉलोअप टीम
देशभर में आज गांधी जयंती (Gandhi Jayanti) मनाई जा रही है। 2 अक्टूबर को हर साल महात्मा गांधी की जयंती मनाई जाती है। इस बार देश बापू की 154वीं जयंती मना रहा है। आज पूरा देश महात्मा गांधी को उनकी 154वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इसी कड़ी में झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित की। राज्यपाल और सीएम आज गांधी जयंती के अवसर पर मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया। मौके पर बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन तथा राम धुन प्रस्तुत किए।

आज यह प्रण लेने का दिन - सीएम
इस अवसर पर प्रेस-मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। हम सभी लोग आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती बड़ी शिद्दत और उमंग के साथ मना रहे हैं। आज यह प्रण लेने का दिन है कि किस प्रकार हम सभी लोग राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार, आदर्श, मार्गदर्शन तथा उनका संदेश स्वच्छ मन, स्वच्छ सोच तथा स्वच्छ समाज की परिकल्पना को साकार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। हम सभी देशवासियों को इस बात का गर्व होना चाहिए कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जैसा व्यक्तित्व हमारे देश ने पाया था। बापू के विचारों को अनुसरण करते हुए हमें त्याग और समर्पण की भावना से कार्य करने की आवश्यकता है, तभी सुखी एवं समृद्ध समाज की परिकल्पना पूरी होगी।
ये लोग रहे मौजूद
वहीं बता दें कि इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ मांजी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी, उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा, राज्य खादी बोर्ड के सीईओ आर०सी० बसेरा, टाना भगत समुदाय के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N