रांची
राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में बुधवार को दो दिवसीय 2nd South Asian Throwball Championship-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका की पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह के साथ ही चैंपियनशिप के मुकाबलों का रोमांच भी शुरू हो गया। पहले दिन विभिन्न वर्गों के मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। भारतीय टीम ने पहले ही दिन अपने उत्कृष्ट खेल से शानदार शुरुआत की।

राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर
इस अवसर पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने खिलाड़ियों का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि हम पॉलिटिकल प्लेयर हैं लेकिन थ्रो-बॉल से हमें काफी कुछ सीखने का मौका मिला है और इस सीख का उपयोग हम पॉलिटिक्स में करेंगे। थ्रोबॉल खिलाड़ियों को सरकारी सहायता दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर है। वहीं थ्रो-बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन रमन सहनी ने बताया कि यह चैंपियनशिप नेपाल में होनी थी लेकिन झारखंड झारखंड थ्रो-बॉल एसोसिएशन कि ओर से कहा गया कि इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका झारखंड को दिया जाए और सही में यहां काफी अच्छी सुविधा खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाई गयी है।

झारखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान
झारखंड थ्रो-बॉल एसोसिएशन के चेयरमैन राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी देशों के खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की गई है। वहीं अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने कहा कि झारखंड राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए तेजी से एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। इस दौरान भारतीय पुरुष टीम के कप्तान सोनू कुमार ने टीम के बेहतर प्रदर्शन को लेकर विश्वास जताते हुए कहा कि भारतीय टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरी है और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने का लक्ष्य रखती है। यह चैंपियनशिप न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि झारखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।