द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) को ड्रोन और साइनाइड गैस के बमों से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस सनसनीखेज धमकी के बाद जामताड़ा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जामताड़ा व्यवहार न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर Ajitham kundumba@outlook.com नामक पते से एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। मेल भेजने वाले ने अपनी पहचान अजितम कुडुंमा, 'एक्स तमिलनाडु रिट्रीवल ट्रूप कैडर', ग्रेटर चेन्नई (तमिलनाडु) के रूप में दी है।

धमकी भरे मेल में मुख्य रूप से निम्नलिखित बातें कही गई थीं:
कोर्ट परिसर और जज के चेंबर में साइनाइड गैस से भरे 14 बमों का विस्फोट किया जाएगा।
कुछ बमों को ड्रोन के माध्यम से गिराए जाने की भी योजना है।
इस हमले का उद्देश्य जान-माल का भारी नुकसान पहुंचाना है।

पुलिस की कार्रवाई
इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय में पदस्थापित एसआई उमेश सिंह ने जामताड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजितम कुडुंमा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जामताड़ा थाना कांड संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 55, 351(2), 351(3), और 351(4) के तहत केस दर्ज हुआ है। फिलहाल, पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस और आरोपी की लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है ताकि धमकी के पीछे की सच्चाई का पता लगाया जा सके।