logo

अंबा का आवास : सत्ता में कांग्रेस साथ साथ फिर भी सरकार से दो-दो हाथ

सत्ता में कांग्रेस साथ साथ फिर भी सरकार से दो-दो हाथ

द फॉलोअप डेस्क, रांची
हाल ही में पुलिस-प्रशासन ने राजधानी रांची के बिरसा चौक से डीपीएस स्कूल तक जाने वाली सड़क के दोनों ओर अवैध ढंग से रह रहे लोगों के घर उजाड़ दिया। घरों को जबरन ढाह दिया गया। हजारों लोगों को बेघर कर दिए गए। ये वो लोग थे जो 40-50 वर्षों से वहीं रह रहे थे। यह सही है कि वे अवैध और अनियमित रूप से वहां रह रहे थे। इनमें आधे से अधिक आदिवासी परिवार था। लेकिन कांग्रेसियों को कोई दर्द नहीं हुआ। वहां बेतरतीव ढंग से उजड़ रहे लोगों के पक्ष में कोई कांग्रेसी नहीं उतरा। किसी ने शोर नहीं मचाया। सरकार से अतिक्रमण हटाओ अभियान रोकने की मांग नहीं की। लेकिन अवैध और अनियमित रूप से सरकारी आवास में रह रही पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का जब सरकारी आवास सील किया गया, प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कई बड़े नेता वहां पहुंच गए। सरकार में रह कर सत्ता का मजा ले रहे कांग्रेसियों ने पुलिस-प्रशासन के रवैये का तीखा विरोध किया। अब यह कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र का कौन सा रूप है, यह चर्चा का केंद्र बनने लगा है।


जवाब मांग रहे कई सवाल
कांग्रेस के इस विरोध को लेकर झारखंड की राजनीति में कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं। यह पूछा जाने लगा है कि कांग्रेस किसके विरुद्ध आंदोलन कर रही है। क्या सरकार में उनकी कोई नहीं सुन रहा है। सत्ता में सुचिता की बात कर रही कांग्रेस, पार्टी के ही उन नेताओं के नाम क्यों नहीं ले रही जो चुनाव हारने के बाद भी सरकारी आवास में जमे हैं। भाजपा और झामुमो के भी नेता उसी तरह सरकारी आवासों में रह रहे हैं। कई अधिकारी, पीए और अनुबंध ही नहीं आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मी भी सरकारी आवास का नियम विरुद्ध लाभ उठा रहे हैं। कांग्रेस को केवल अंबा प्रसाद का आवास ही क्यों दिख रहा है। जवाब सीधा है। जब अनियमितता और भ्रष्टाचार अलग अलग नजर से देखे जाते हैं तो पक्षपात भी उसी रूप में सामने आता है। यही कांग्रेस के साथ भी हो रहा है।


 

कांग्रेस बेवकूफ बन रही या जनता को बना रही
कांग्रेस के अलग अलग नेताओं और मंत्रियों ने हाल के महीनों में अपनी सरकार के खिलाफ कई बार राग अलापा है। पिछले महीने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकारी वाहन की मांग को लेकर अड़ंगा खड़ा किया। बाद में वे मान गए। उससे पहले अंबा प्रसाद के पिता योगेंद्र साव के सरकार के विरुद्ध दिए गए बयान को लेकर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। कुछ ही दिनों बाद कांग्रेस ने भला मानुष मान निष्कासन समाप्त कर दिया। साव फिर सरकार के विरुद्ध आग उगलने लगे। उन्हें फिर निष्कासित कर दिया गया। निष्कासन और साव की घर वापसी में भी कांग्रेस का दोहरा चरित्र दिखा। इस तरह के कई और भी विषय आए, जब कांग्रेसी अपनी ही सरकार के पक्ष में भी रहे और विरोध में भी। जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर हुए छात्रों के आंदोलन के दौरान भी कांग्रेस की आधा तितर, आधा बटेर वाली स्थिति दिखी। लेकिन राजनीति के जानकार और समझदार अब मानने लगे हैं कि कांग्रेस जनता को बेवकूफ बना रही है या खुद बेवकूफ बन रही है, यह उसके लिए गंभीर सवाल है। 


 

Tags - Jharkhand JMM Congress power opposition