logo

26 जनवरी : इस बार दुमका में मुख्यमंत्री नहीं, डीसी अभिजीत सिन्हा फहराएंगे झंडा

26_jan.jpg

द फॉलोअप डेस्क
इस बार 26 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड की उप राजधानी दुमका में राष्ट्र ध्वज नहीं फहराएंगे। मुख्यमंत्री की जगह दुमका डीसी अभिजीत सिन्हा झंडोत्तोलन करेंगे। दुमका से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने वहां के डीसी को गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह की तैयारी करने का निर्देश दिया है। साथ ही डीसी को ही झंडोत्तोलन करने का आदेश दिया गया है। जानकारी के अनुसार दावोस में आयोजित वर्ल्ड् इकॉनोमिक फोरम में  भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री स्वीटजरलैंड में हैं। दावोस के बाद वह इंग्लैंड जाएंगे। वहां ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के 26 जनवरी को इंग्लैंड से झारखंड नहीं पहुंच पाने की वजह से दुमका डीसी को झंडोत्तोलन करने का आदेश दिया गया है।


मालूम हो कि 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2025 को ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में भी मुख्यमंत्री झंडोत्तोलन नहीं कर सके थे। उसी समय उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हो गया था। निधन के कारण उनके श्राद्ध कर्म में व्यस्त रहने की वजह से मुख्यमंत्री के बदले राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोरहाबादी मैदान में झंडोत्तोलन किया था। यहां मालूम हो कि झारखंड में 15 अगस्त को मुख्यमंत्री ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में और राज्यपाल दुमका में झंडोत्तोलन करते हैं। इसी तरह 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर राज्यपाल मोरहाबादी मैदान में और मुख्यमंत्री दुमका में राष्ट्र ध्वज फहराते हैं।


 

Tags - Jharkhand Republic Day January 26 Dumka Chief Minister DC flag hoisting