logo

झारखंड के सभी सवा तीन करोड़ लोगों का होगा यह अधिवेशन- सुदेश महतो 

ajsuparty1.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची 
रांची के कटहल मोड़ स्थित लाल गुटवा बैंक्वेट में आजसू पार्टी ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों संग बैठक का आयोजन किया। जहां आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने इस बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने आगामी तीन दिवसीय महाधिवेशन को लेकर कहा कि आजसू पार्टी के महाधिवेशन को राज्य का अधिवेशन बनाना चाहते हैं। इसके लिए राज्य के प्रत्येक गांव का प्रतिनिधित्व महाधिवेशन में होगा। प्रदेश के सभी युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों की समस्याओं, विचारों, और सुझावों पर मंथन हेतु पार्टी के महाअधिवेशन का आयोजन हो रहा है। यह अधिवेशन आजसू पार्टी के 1 लाख पदेन पदाधिकारियों का नहीं बल्कि झारखंड के सभी सवा तीन करोड़ लोगों का अधिवेशन होगा।

पार्टी के एक लाख पदाधिकारी शामिल होंगे- डॉ देवशरण भगत

वहीं पार्टी के प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि पार्टी महाधिवेशन में पार्टी के एक लाख पदेन पदाधिकारी शामिल होंगे और इस आयोजन में राज्य के सभी 32 हजार गांव के प्रतिनिधि शामिल होंगे और राज्य के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान प्रदान करेंगे। यह मौका है जब हम पार्टी के संविधान में बदलाव के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यकता अनुसार बदलाव कर सकते हैं। महाधिवेशन में पार्टी के भावी कार्यक्रमों के साथ साथ पूर्व में हुए कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। इस आयोजन के माध्यम से झारखंड के वीर आंदोलनकारियों को सम्मानित करने का काम करेंगे। साथ ही इस दौरान पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों का चुनाव होगा। 

बिना किसी रोडमैप के साथ काम कर रही है सरकार 

आज राज्य में फैले भय, भ्रम और भ्रष्टाचार से सभी वर्ग और समुदाय के लोग परेशान हैं। राज्य की जनता को अपने वादों से झूठे सपने दिखा कर सत्ता में काबिज होने वाली सरकार ने जनता के मत के खिलाफ सिर्फ उन्हें छलने का काम किया। सरकार बिना किसी रोडमैप के साथ काम कर रही है, जिसका नतीजा है कि आज तक इस सरकार की एक भी योजना सफल नहीं हो पाई। युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार रोजगार देने में शत प्रतिशत विफल रही है। युवओं को नौकरी देने की नियत ही नहीं है इस सरकार की। यही कारण है कि इनके द्वारा निकाले जाने वाले हर नौकरी का विज्ञापन रद्द हो जाता है, उनकी नीति ही गलत है। इस सरकार को सत्ता से हाटने और राज्य में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हम सारे कार्यकर्तओं के साथ इस पर काम करेंगे और आने वाले चुनावों में यह बदलाव देखने को भी मिलेगा।