logo

झारखंड में आज भी होगी बारिश, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा; बढ़ेगी ठंड 

barish_pic.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बुधवार को राजधानी समेत कई जिलों में बारिश हुई। कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। लगभग 15 मिनट की ओलावृष्टि में कच्चे मकानों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पारा 4 डिग्री तक गिरने के आसार हैं, जिससे ठंड बढ़ेगी।


एक-दो दिन के बाद मिलेगी राहत
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ का जबरदस्त असर झारखंड में देखा जा रहा है। खासकर पश्चिमी जिलों में इसका अधिक असर है. एक-दो दिन के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने की संभावना है। फिर लोगों को राहत मिलेगी. वहीं, मौसम वैज्ञानिक ने आज के लिए लोगों को वज्रपात से सावधान रहने की अपील की है।
पूरे राज्य में होगी बारिश
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आज पूरे राज्य में अच्छी खासी-बारिश देखी जाएगी। खासकर पश्चिमी जिले जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, रांची, लोहरदगा व रामगढ़ में खूब बारिश का अनुमान है। बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। वज्रपात को लेकर राज्य भर में येलो अलर्ट है।


जिलों का न्यूनतम तापमान
वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो 24 घंटे में बोकारो का न्यूनतम तापमान 15.5, चतरा 16.1, देवघर 17.2, धनबाद 13.3, गढ़वा 16.2 , गिरिडीह 16.6, गोड्डा 16.8, गुमला 15, हजारीबाग 14, जामताड़ा 16, लातेहार 15, लोहरदगा 14.5, रामगढ़ 15.5, रांची 14.2, डालटेनगंज 15.9, जमशेदपुर 15.6, चाईबासा 14.2 व पश्चिमी सिंहभूम में 14 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\