द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के सरकारी या निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में UG तथा PG के चिकित्सा पाठ्यक्रमों में गलत जाति/स्थाई निवासी एवं EWS प्रमाण पत्रों के आधार पर प्रवेश लेने के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में अंतर विभागीय समिति गठित कर इसकी जांच करने का निर्देश दिया है। साथ ही जांच प्रतिवेदन के आलोक में सीआईडी द्वारा एफआईआर दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई करने का भी आदेश दिया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने Stray Round काउंसलिंग की तिथि बढ़ाने हेतु भारत सरकार को पत्र भेजने का निर्देश दिया है ताकि जांच के उपरांत Stray Round की काउंसलिंग की जा सके।

यहां मालूम हो कि राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों ( निजी और सरकारी) में गलत जाति, स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, इडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के आधार पर प्रवेश करने की शिकायत मिल रही थी। इडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के बारे में कहा जा रहा है कि कई ऐसे छात्रों ने अपने पिता की आय को कम बता कर नामांकन प्राप्त कर लिया। उन्होंने इसके लिए अलग तरह की तरकीब निकाली। मसलन 12 महीने की जगह 9 महीने का वेतन लिया। उस आधार पर नौ महीने के वेतन विपत्र को आय का आधार बताया। कम दिखाया और एमबीबीएस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश पा लिया।
