logo

आज पूरे झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, कल के लिए 20 जिलों में अलर्ट, रांची का पारा पहुंचा 39.2°C

RAINY_SEASON.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में एक बार फिर मौसम परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग समय पर गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसको ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 18 मई (रविवार) को झारखंड के लगभग सभी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात, 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में यलो अलर्ट और रांची सहित 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


कई जिलों में हुई बारिश, मिली गर्मी से राहत
शुक्रवार को राज्य के गोड्डा, पाकुड़, दुमका, सिमडेगा, गुमला, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम जिलों में गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। राजधानी रांची में दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे और मेघ गर्जन हुआ। राज्य में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 42.6 डिग्री सेल्सियस और रांची में 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिम और उत्तरी भागों से लेकर बांग्लादेश के उत्तरी हिस्से तक एक निम्न दबाव का टर्फ सक्रिय है, जो झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजर रहा है। इसी कारण इन इलाकों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है।


किसानों और ग्रामीणों को अलर्ट रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आगामी तीन-चार दिनों में संभावित आंधी-तूफान और वर्षा से फसल, बागवानी और पौधों को नुकसान पहुंच सकता है। खेतों में कार्य कर रहे लोगों को आकाशीय बिजली से खतरा हो सकता है। ऐसे में सुरक्षित स्थान पर रहने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि तैयार सब्जियों की फसल समय पर काट लें। यदि नर्सरी में सब्जी के पौधे लगाए गए हैं तो उन्हें प्लास्टिक शीट से ढक कर सुरक्षित करें। पालतू पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखें और मौसम खराब होने के दौरान खेतों में काम करने से बचें।