द फॉलोअप डेस्क, रांची
झारखंड में सरकार की सेहत ठीक है। सरकार स्मूथली रन कर रही है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। पर इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों के बीच फिर गांठ दिखने लगी है। झामुमो और कांग्रेस के बीच एक अदृश्य तनाव पैदा हो रहा है। हाल के दिनों में हुई कई ऐसी घटनाएं इसकी पुष्टि कर रहे हैं। झामुमो और कांग्रेस के शीर्ष नेता भी इसका बखूबी अनुभव भी कर रहे हैं। लेकिन अंदरुनी तनाव, टकराव और जारी शीत युद्ध को दूर करने की कोई सार्थक पहल नहीं दिखती है। इसका परिणाम है कि गठबंधन के बीच के इस टकराव का सबसे बुरा असर कार्यकर्ताओं पर पड़ रहा है। खासकर कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता प्रदेश प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से इसकी खुल कर शिकायत करने लगे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर अपना भड़ांस भी निकाल रहे हैं।

रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में सीएम का शामिल नहीं होना
दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को इंडिया गठबंधन द्वारा लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ महारैली का आयोजन किया गया था। इस महारैली में इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेता आमंत्रित थे। महारैली से एक दिन पूर्व मॉक संसद का भी आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक नवंबर की महारैली में भाग लेने के लिए 30 अक्टूबर को ही दिल्ली चले गए। 31 अक्टूबर को मॉक पार्लियामेंट में शामिल भी हुए। लेकिन रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में नहीं गए। इसके बाद कांग्रेस और झामुमो के बीच खुसुर-फुसुर भी शुरू हो गयी। दिल्ली की घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और राजेश कच्छप हेमंत सोरेन से मिलने मुख्यमंत्री आवास भी गए। लेकिन यह शिष्टाचार मुलाकात मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन की मृत्यु को लेकर संवेदना व्यक्त करने तक सीमित रहा। बोर्ड-निगमों का गठन या अन्य किसी मुद्दे पर कोई विशेष बातचीत नहीं हुई। यह अलग बात है कि कार्यकर्ताओं को यह कह कर ढाढस बंधाया गया कि बोर्ड निगमों के गठन पर बात हुई है। जल्द इसका गठन होगा।

अंबा प्रसाद के आवास खाली कराने का मामला
दीपावली से पूर्व बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के धुर्वा स्थित आवास को प्रशासन ने सील कर दिया गया। इसके विरोध में अंबा आवास के बाहर टेंट लगा कर धरना पर बैठ गयी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी दो दिनों तक सोचती रही कि अब कौन सी बात कही जाए। दो दिनों के बाद प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश का बड़ा बयान आया। अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। अधिकारियों की वजह से सरकार की बदनामी हो रही है। अब सवाल उठता है कि अधिकारी किसके कहने पर काम कर रहे हैं। क्या सरकार में कांग्रेस के चार मंत्री नहीं हैं। अब कांग्रेस किसको बेबकूफ बना रही है,यह समझ से परे है।

कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन नहीं हुआ
अगस्त 2025 में गुरुजी की मृत्यु हो गयी थी। उनकी अध्यक्षता में गठित राज्य समन्वय समिति का कार्यकाल 15 नवंबर 2025 को ही समाप्त हो गया। एक साल बाद भी समन्वय समिति का गठन नहीं हो सका है। कांग्रेस और झामुमो के जानकार बताते हैं कि समन्वय समिति के गठन होने तक बोर्ड-निगमों के गठन की उम्मीद बेमानी है। समन्वय समिति के गठन को लेकर पूर्व में प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मुख्यमंत्री से विमर्श भी कर चुके हैं। केशव महतो कमलेश ने महीनों पूर्व कहा भी था कि जल्द से जल्द समन्वय समिति का गठन हो जाएगा। लेकिन नहीं हुआ।
