जमशेदपुर
भुइयाडीह स्थित छायनगर के एक आश्रयगृह (शेल्टर होम) को लेकर बुधवार को जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (JNAC) और किन्नर समुदाय के बीच विवाद गहरा गया। किन्नर समुदाय के करीब 20 सदस्यों ने उक्त शेल्टर होम पर अपना दावा करते हुए वहां कब्जा कर लिया। समुदाय का कहना है कि वर्ष 2022 में JNAC ने उन्हें यह भवन लिखित रूप से अलॉट किया था। भवन की जर्जर स्थिति के कारण इसे JUSCO की मदद से पुनर्निर्मित कराया गया। दावा है कि उस समय चाभी भी उन्हें सौंपी गई थी, लेकिन कुछ ही घंटे बाद यह कहते हुए वापस ले ली गई कि औपचारिक उद्घाटन के बाद ही हैंडओवर किया जाएगा।

किन्नर प्रतिनिधियों का आरोप है कि बीते तीन वर्षों से वे लगातार आग्रह कर रहे हैं कि समुदाय के लिए सामुदायिक भवन या शेल्टर उपलब्ध कराया जाए, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में संचालित इस शेल्टर होम में 16 बेड की व्यवस्था है, जिसका संचालन एक निजी संस्था के माध्यम से किया जा रहा है।
