द फॉलोअप डेस्क
पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से ईडी ने सोमवार को कथित शराब घोटाले के सिलसिले में लंबी पूछताछ की। रोहित उरांव सुबह करीब 11 बजे ईडी के रांची स्थित जोनल कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए। पूछताछ के दौरान कथित घोटाले, बैंक लेनदेन और उनके पास से बरामद नकदी को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई। सूत्रों के अनुसार, ईडी ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन के संबंध में भी रोहित से स्पष्टीकरण मांगा।

30 लाख रुपये की बरामदगी और बैंक ट्रांजेक्शन पर पूछे सवाल
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने 23 अगस्त 2023 को रोहित उरांव के यहां से बरामद 30 लाख रुपये नकद के संबंध में पूछताछ की। जांच एजेंसी ने यह जानने का प्रयास किया कि इतनी बड़ी नकद राशि उनके पास कहां से आई और उसे घर में रखने की क्या वजह थी। इसके अलावा रोहित के बैंकिंग ट्रांजेक्शन और कारोबारी गतिविधियों को लेकर भी कई सवाल पूछे गए। ईडी अधिकारियों ने कारोबारी प्रेम प्रकाश के साथ उनकी कथित कारोबारी साझेदारी और वित्तीय लेनदेन के विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी जुटाई। गौरतलब है कि राज्य में नई शराब नीति लागू किए जाने को लेकर वित्त विभाग की आपत्तियों के बावजूद इसे लागू किया गया था, जिसकी जांच ईडी कर रही है।

आज रामेश्वर उरांव से होगी पूछताछ
ईडी मंगलवार को पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से भी पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी 2020 के बाद झारखंड में लागू की गई सभी शराब नीतियों, वित्त विभाग की आपत्तियों के बावजूद उनके लागू होने की परिस्थितियों और निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल करेगी। इसके साथ ही रोहित उरांव के पास से बरामद 30 लाख रुपये की राशि के संबंध में भी रामेश्वर उरांव से सत्यापन किया जाएगा। शराब नीति और उससे जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच के तहत ईडी इस मामले में लगातार विभिन्न लोगों से पूछताछ कर रही है।