रांची
JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अपराध अनुसंधान विभाग थाना में कांड संख्या 01/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें परीक्षा में धोखाधड़ी और प्रश्नपत्र के नाम पर धन उगाही के आरोप लगे थे। जांच के दौरान पता चला कि इस गोरखधंधे का सरगना गोरखपुर का निवासी है। गिरोह के अन्य 8 सदस्यों की भी पहचान हुई है, जिनमें कई सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
परीक्षा और गड़बड़ी का मामला:
21 और 22 सितंबर 2024 को झारखंड के विभिन्न जिलों में तीन पालियों में JSSC-CGL परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद परीक्षा में पेपर लीक और उम्मीदवारों से पैसे वसूलने की अफवाहें सामने आईं। जांच में पता चला कि परीक्षा से पहले ही कुछ अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र के नाम पर ठगा गया था।
पुलिस जांच में इन 8 लोगों की पहचान हुई है-
- कुंदन कुमार उर्फ मंटू (बिहार) - IRB-8 का जवान
- रोबिन कुमार (झारखंड) - IRB-8 का जवान
- अखिलेश कुमार (झारखंड) - IRB-8 का जवान
- गौरव कुमार (झारखंड) - IRB-8 का जवान
- अभिलाश कुमार (झारखंड) - IRB-8 का जवान
- राम निवास राय (बिहार) - असम राइफल्स का जवान
- निवास कुमार राय (बिहार) - होमगार्ड जवान
- कविराज उर्फ मोटू (बिहार) - सरगना का भतीजा
गिरफ्तारी और जांच:
पुलिस ने 24 मार्च 2025 को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अब तक पेपर के वास्तविक लीक होने के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल, मामले की गहन जांच जारी है।