द फॉलोअप डेस्क
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू के बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड में कानून का इक़बाल कायम है और राज्य सरकार एक साथ हर दिशा में प्रभावी तरीके से काम कर रही है। भाजपा बिना तथ्य के सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। दुबे ने कहा कि एक ओर जहां राज्य सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति के कारण नक्सलियों के खिलाफ बड़े और निर्णायक अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने वर्षों से सक्रिय बच्चा चोर गिरोह जैसे संगठित अपराधों पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें बेनकाब किया है। यह साबित करता है कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि राज्य के समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री दावोस जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाकर झारखंड में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को तलाश रहे हैं, ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और झारखंड आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सके। दुबे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राज्य सरकार हर मोर्चे पर सकारात्मक और ठोस काम कर रही है, तब भाजपा अपनी नकारात्मक और भ्रामक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ रही है। कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार जैसे गंभीर मुद्दों पर सहयोग करने के बजाय भाजपा केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगी है।