द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड के गुमला में एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। सरहुल मेला देखकर घर लौट रही महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। इस संबंध में पीड़िता ने रविवार की देर शाम गुमला सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुमला पुलिस सीसीटीवी कैमरे के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है। दर्ज मामले के मुताबिक पीड़िता गुमला शहर से सटे एक गांव की रहने वाली है। उसकी उम्र 30 साल है। 11 अप्रैल को एक व्यक्ति उसे नेवाटोली गांव ले गया और दुष्कर्म किया। मामले को लेकर पीड़िता और उसके पति ने गुमला थाने में आवेदन दिया है।
मेला से घर लौटते समय हुआ दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया है कि वह 11 अप्रैल को सरहुल पर्व मनाने गुमला शहर आई थी। वहां अपने भाई को भी बुलाया था। शहर में भीड़भाड़ होने के कारण वह अपने भाई से बिछड़ गयी और दोबारा उससे नहीं मिल सकी। पीड़िता ने ये भी बताया कि भीड़ के कारण ऑटो नहीं मिलने पर वह शाम 7 बजे पैदल घर लौट रही थी। तभी पालकोट रोड, पेट्रोल पंप के पास पीछे से एक व्यक्ति आया और बोला कि मैं भी उधर ही जा रहा हूं। चलो छोड़ दूंगा। मैं विश्वास करके उसके साथ बाइक पर बैठ गयी। वह मुझे नेवाटोली स्थित अपने किराये के मकान में ले गया। रात भर मेरे साथ दुष्कर्म किया। काफी देर होने पर जब मैं घर नहीं लौटी तो मेरे मोबाइल पर मेरे पति का बार-बार कॉल आ रहा था। वह फोन काट रहा था। सुबह उसने मेरा फोन भी लौटा दिया।
पति-पत्नी ने थाने पहुंचकर दर्ज कराया केस
पीड़िता ने आवेदन में लिखा है कि मैं सुबह अपने घर पहुंची और घटना की सारी जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद मेरे पति ने 100 नंबर डायल कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद रविवार को पति-पत्नी थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।