द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची से लेकर राज्य के अन्य हिस्सों में बढ़ती अपराध को लेकर सीएम ने क्राइम कंट्रोल की बैठक की थी। जिसमें सीएम ने अधिकारीयों को जमकर फटकार लगाई थी। इसका असर दिखने लगा है। राजधानी रांची के मेन रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीम रविवार रात नजर आई। रांची जोन के डीआईजी अनूप बिरथरे, एसएसपी किशोर कौशल सहित तमाम अधिकारी जांच करते दिखे। एसएसपी और डीआईजी देर रात शहर के कई थाना क्षेत्रों में गए और रात में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिए। वहीं कई जगहों पर कार चालकों को रोक कर एसएसपी खुद पूछताछ करते दिखे।

पुलिस अपनी कार्यशैली में करे सुधार
बता दें कि सीएम हेमंत सोरेन ने पुलिस को अपनी कार्यशैली में सुधार करने को कहा था। राज्य में हो रहे अपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने को कहा था। सीएम ने कहा था कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पुलिस अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। पिछले कुछ दिनों में अपराधियों ने विधि-व्यवस्था संधारण को धत्ता बताते हुए कई जघन्य अपराध को अंजाम देने का काम किया है। ऐसे अपराध किसी भी हाल में स्वीकार्य नही है। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को राज्य की विधि-व्यवस्था को ध्यान में रख कर राज्य के उच्च दर्जे के पुलिस अफसरों से कहा. उन्होंने ने वर्तमान समय में राज्य के भीतर हो रही छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। अगले 15 दिन के अंदर राज्य में विधि-व्यवस्था संधारण की स्थिति में सुधार लाने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया।