द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र स्थित तेलियांडीह गांव में पिछले चार दिन से लापता 26 वर्षीय विवाहिता प्रीति देवी का शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित कुएं से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका की मां, अनीता देवी, और परिवार ने बेटी के पति सुबोध रवानी सहित परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2016 में सुबोध के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रीति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्हें आशंका है कि इसी प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया।
मृतका का मायका देवघर जिले के करो थाना क्षेत्र के भवनपुर गांव में है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके वाले दुख और सदमे में हैं। कर्माटांड़ थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस ने बताया, "हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
.jpeg)