द फॉलोअप डेस्क
बिहार के कटिहार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया है, जिसमें अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय नाव पर 18 लोग सवार थे, जिनमें से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इसके साथ ही 3 शव बरामद किए गए हैं। घटना कटिहार के गोलाघाट की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कटिहार के गोलाघाट से एक डेंगी नाव झारखंड की सकरी गली जा रही थी। तभी गंगा नदी के बीच धारा में नाव पलटने से एक छोटे बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा इलाज
बताया जा रहा है हादसे के बाद सुरक्षित निकाले गए 4 लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। जबकि 4 लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक नाव पर लगभग 18 लोग सवार थे, जो रविवार सुबह 8:30 बजे करीब गोलाघाट से नाव से सकरी गली के लिए निकले थे। लेकिन गंगा की बीच धारा में आते ही लोगों से भरी नाव पलट गई, जिस वजह से हादसा हुआ।11 लोगों ने तैरकर बचाई जान
बताया गया कि नाव डूबने पर 11 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई। जबकि एक बच्चे सहित 7 लोग लापता हो गए। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में लापता लोगों को बचाने की कोशिश की गई। इस दौरान गोताखोरों को 7 लापता लोगों में से एक बच्चे सहित 3 लोगों की लाश मिली। हालांकि, अब भी 4 लोग लापता हैं। जानकारी हो कि घटना की सूचना मिलते ही BDO दुर्गश कुमार, CO स्नेहा कुमारी और थानाध्यक्ष कुंदन कुमार गोलाघाट पहुंचे। साथ ही अन्य लापता लोगों की खोजबीन में जुट गए।
झारखंड जा रहे थे नाव पर सवार लोग
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि 18 लोग एक छोटी सी नाव पर सवार होकर झारखंड के सकरी गली जा रहे थे। तभी गंगा की बीच धारा में नाव पलटने से हादसा हो गया। इसमें 11 लोग तैर कर नदी से बाहर आ गए। लेकिन 7 लोग लापता हो गए, इनमें से 3 का शव बरामद किया गया है। जबकि अन्य 4 की खोज की जा रही है।