logo

भाजपा ने झारखंड में ओबीसी कार्ड खेला, आदित्य साहु बनेंगे नये प्रदेश अध्यक्ष

adity_sahu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्व से मिल रहे संकेतों के अनुसार प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो आदित्य प्रसाद साहु पार्टी के अध्यक्ष होंगे। आज मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन था। दिन के 12 बजे से दो बजे तक नामांकन का समय था। दो घंटे की इस अवधि में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहु ने ही केवल अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। इस तरह सिंगल नामांकन होने के कारण, प्रो साहु का अध्यक्ष बनना तय है। वैसे इसकी आधिकारिक घोषणा 14 जनवरी को की जाएगी। मालूम हो कि प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए प्रभारी और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव कल ही रांची पहुंच गए थे। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से पार्टी के शीर्ष नेताओं को अवगत करा दिया। आम सहमति बनाने में सफल रहे और किसी अन्य नेता नेत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं किया।


मालूम हो कि 2024 के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पार्टी ने बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में प्रतिपक्ष का नेता बनाया था। उसके बाद पार्टी की जिम्मेदारी निभाने के लिए रबींद्र कुमार राय की जगह प्रो आदित्य प्रसाद साहु को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उसी समय स्पष्ट हो गया था कि जिलाध्यक्षों का चुनाव हो जाने के बाद प्रो आदित्य प्रसाद साहु को ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वैसा ही हुआ। पार्टी के जानकारों का मानना है कि भाजपा ने झारखंड में प्रो साहु को प्रदेश अध्यक्ष बना कर ओबीसी कार्ड खेला है। राज्य में ओबीसी वोट बैंक को साधने की कोशिश की है। प्रदेश अध्यक्ष के अलावा झारखंड से राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के लिए भी आज नामांकन दाखिल किया गया। मालूम हो कि प्रदेश से राष्ट्रीय परिषद में 21 सदस्यों के अलावा प्रदेश अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता भी सदस्य होते हैं।

Tags - Jharkhand State BJP President Prof. Aditya Prasad Sahu single nomination acting president