द फॉलोअप डेस्कः
पलामू में लूटकांड के आरोपी महफूज आलम की रिम्स में मौत हो गई। पलामू पुलिस पर महफूज आलम की पिटाई का आरोप लगा था। इस मामले में नावाबजार थाना प्रभारी को सस्पेंड किया जा चुका है, वहीं मृतक के परिजनों ने कोर्ट में भी शिकायत की है। महफूज आलम की गिरफ्तारी पांच मार्च को पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र से हुई थी। पलामू की पांकी पुलिस ने लूट के एक मामले में महफूज आलम को जेल भेजा था। उस दौरान महफूज आलम के साथ दो अन्य आरोपी भी जेल भेजे गए थे और उनके पास से हथियार और गोलियां भी बरामद की गई थीं।
जेल जाने के बाद महफूज आलम की तबीयत खराब हो गई और उसे इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। महफूज का पिछले 18 दिनों से रिम्स में इलाज चल रहा था। रविवार को रिम्स में महफूज आलम की मौत हो गई। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में आगे की जांच और अनुसंधान किया जा रहा है। महफूज आलम के परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया हैं। जिसके बाद पलामू एसपी ने कार्रवाई करते हुए नावाबाजार थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया।
महफूज आलम के परिजनों ने पलामू कोर्ट में भी शिकायत की है। नावाबाजार के तत्कालीन थाना प्रभारी, पांकी थाना प्रभारी समेत कई अन्य पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। कोर्ट में शिकायत के बाद सुनवाई की तिथि 19 मई तय की गई है।