द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Political News: आजसू पार्टी (AJSU Party) बोकारो जिला कार्यसमिति की बैठक (Meeting of the Bokaro District Working Committee) मंगलवार को पेटरवार में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो (Sudesh Mahto) मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। वहीं गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी (Giridih MP Chandraprakash Choudhary) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस बैठक को संबोधित करते हुए आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। संगठन की मजबूती केवल पदों और जिम्मेदारियों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के बीच उनकी निरंतर उपस्थिति और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से तय होती है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूती देने के उद्देश्य से सांगठनिक पुनर्गठन (Organizational Restructuring) की प्रक्रिया शुरू कर रही है। आगामी 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव के माध्यम से सक्रिय, समर्पित, संघर्षशील और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। हमारा लक्ष्य बोकारो जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत, गांव और नगर स्तर तक संगठन को मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाना है।

समर्पण के साथ संगठन का विस्तार
आगे उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेने तथा आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित (Public Interest) के संकल्पों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। संगठन जितना मजबूत और जनसरोकारों से जुड़ा होगा, जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी तरीके से उठाई जा सकेगी। वहीं गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सांगठनिक चुनाव पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और समर्पण के साथ संगठन के विस्तार में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर रणनीति तैयार की गई
इस बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए बोकारो जिले में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका, आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर रणनीति तैयार की गई। इसी क्रम में सांगठनिक पुनर्गठन के तहत बोकारो जिले की सभी प्रखंड एवं नगर कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, आगामी 20 दिसंबर को सभी प्रखंड एवं नगर कमेटियों का सांगठनिक चुनाव (Organizational elections) कराने की घोषणा की गई। संगठन में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चंद्रपुरा की उप प्रमुख रिंकी कुमारी को आजसू पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
.jpeg)
पार्टी की गतिविधियों को जनसरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ाने का संकल्प
सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने तथा पार्टी की गतिविधियों (Party activities) को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न प्रखंडों एवं नगर कमेटियों में प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई। नियुक्त प्रखंड एवं नगर प्रभारियों में बोकारो महानगर की जिम्मेदारी अजय सिंह एवं सचिन महतो, चास प्रखंड अश्विनी महतो, चास नगर राजकुमार, गोमिया राजेश विश्वकर्मा एवं इंद्रनाथ महतो, जरीडीह संतोष कुमार महतो, कसमार सूरज महतो, पेटरवार संटू राम सिंह, बेरमो कमलेश महतो, फुसरो नगर महेंद्र चौधरी, नावाडीह नवीन महतो, चंद्रपुरा सुरेश महतो एवं टिकैत महतो और चंदनकियारी के लिए राजेश महतो एवं सुशेन रजवार शामिल हैं। बोकारो जिला कार्यसमिति की बैठक में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ, पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत बनाने तथा पार्टी की गतिविधियों को जनसरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस बैठक की अध्यक्षता बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नरेंद्र महतो ने किया। वहीं इस अवसर पर पार्टी के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।