द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने सोहराय परब के अवसर पर अपने आवास पर पारंपरिक तरीके से पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी नेहा महतो के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की और पशुधन के प्रति आभार व्यक्त करने की परंपरा निभाई। सोहराय परब के मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि यह पर्व हमारी लोकसंस्कृति, प्रकृति और परंपराओं का प्रतीक है। अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने पारंपरिक पर्वों और रीति-रिवाजों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

प्रकृति और पशुधन के सम्मान का प्रतीक है सोहराय
दरअसल, सोहराय झारखंड की आदिवासी संस्कृति और लोकपरंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पशुधन के सम्मान और सामुदायिक एकजुटता का संदेश देता है। इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पशुओं की पूजा की जाती है। ग्रामीण इलाकों में घरों और गोहालों को सजाया जाता है तथा विभिन्न पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से प्रकृति और पशुधन के साथ अपने गहरे संबंधों को प्रदर्शित किया जाता है। सोहराय परब केवल उत्सव नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत को जीवित रखने का माध्यम भी है।